व्यक्ति ने मिर्च और हल्दी से बनाई सबसे बड़ी मसाला पेंटिंग, गिनीज में दर्ज रिकॉर्ड
क्या है खबर?
लोग अपने हुनर और रचनात्मकता के जरिए ऐसी अनोखी और शानदार पेंटिंग बना देते हैं, जो किसी का भी ध्यान खींच सकती है क्योंकि कलाकार अपनी कल्पना और सोच को एक जीवंत रूप दे देते हैं। आज हम आपको एक ऐसे कलाकार के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने हल्दी और मिर्च पाउडर से सबसे बड़ी मसाला पेंटिंग बनाकर अपनी मातृभूमि को श्रद्धांजलि दी है और गिनीज बुक में अपना नाम भी दर्ज करवा लिया है।
गिनीज
कितनी बड़ी है अमर की पेंटिंग?
29 वर्षीय अमर काले नामक व्यक्ति ने 2 मसालों से दुनिया की सबसे बड़ी मसाला पेंटिंग बनाकर विश्व रिकार्ड अपने नाम कर लिया है।
अमर की यह शानदार पेंटिंग 175.82 वर्ग मीटर (1892.5 वर्ग फुट) में फैली है, जो लगभग एक टेनिस कोर्ड के दो-तिहाई आकार के बराबर है।
उन्होंने यह पेंटिंग इसी साल 27 जनवरी को भारत के राज्य कर्नाटक के शहर धारवाड़ में तैयार की।
मसाले
महज हल्दी और मिर्च के पाउडर से अमर ने बनाई पेंटिंग
अमर ने कहा, "यह पेंटिंग कर्नाटक की समृद्ध संस्कृति, विरासत, कला और वास्तुकला को दुनिया के सामने पेश करने की दिशा में मेरा एक छोटा सा योगदान था। मैं एक अनोखी पेंटिंग के जरिए अपने राज्य की पहचान को दर्शाना चाहता था।
उन्होंने आगे कहा कि कर्नाटक को मसालों के लिए जाना जाता है इसलिए उन्होंने रसोई के मसालों को अपने कलात्मक माध्यम के रूप में चुना और केवल हल्दी और मिर्च पाउडर का इस्तेमाल किया।
पेंटिंग
पेंटिंग में अमर ने बनाई कर्नाटक की रूपरेखा
अमर ने हल्दी और मिर्च पाउडर का इस्तेमाल करके कर्नाटक की रूपरेखा बनाई, जिसमें मशहूर 'हम्पी रथ' को दर्शाया गया है।
अमर ने इस पेंटिंग के बारे में बताते हुए कहा, "मैं यह दिखाना चाहता था कि रसोई के मसालों जैसी साधारण चीजों से भी ऐतिहासिक कलाकृति बनाई जा सकती है। मेरे लिए यह पेंटिंग सिर्फ एक रिकॉर्ड बनाने की कोशिश नहीं है, बल्कि कर्नाटक और उसकी समृद्ध विरासत को एक कलात्मक श्रद्धांजलि है।
योग्यता
मैकेनिकल इंजीनियरिंग भी हैं अमर
अमर ने अपनी पेंटिंग के लिए लगभग 5 किलो मिर्च पाउडर और 6 किलो हल्दी पाउडर का इस्तेमाल किया, जबकि बचे मसालों को दान कर दिया ताकि कुछ भी बर्बाद न हो।
अमर ने बताया कि बचपन से उन्हें पेंटिंग में दिलचस्पी थी, लेकिन उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा पूरा किया और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना करियर भी बनाया था। हालांकि, उनकी पेंटिंग की रुचि ने इंजीनियरिंग से दूरी बनवाकर कला क्षेत्र में ही पूरी ध्यान लगवा दिया।
रिकॉर्ड्स
इससे पहले भी अमर ने बनाए हुए हैं रिकॉर्ड्स
अमर ने पहली बार साल 2021 में गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज कराया था, जब उन्होंने एक मिनट में 98 हाथ से निशान बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन उनके बाद भारत के ही दिनेश गुप्ता नाम के व्यक्ति ने 99 निशान बनाकर इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
हालांकि, कुछ समय बाद अमर ने मुंह से बनाई गई सबसे बड़ी पेंटिंग का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।