पंजाब की महिला की किस्मत चमकी, 7 रुपये के टिकट से लगी एक करोड़ की लॉटरी
क्या है खबर?
अगर व्यक्ति की किस्मत साथ दे तो उसके सितारे चमकने में देर नहीं लगती। यह बात पंजाब की एक महिला के लिए सच साबित हो गई है। दरअसल, इस महिला ने महज 7 रुपये का एक लॉटरी टिकट खरीदा था, जिसने उनकी किस्मत चमका दी। उन्होंने 'सिक्किम सरकार की लॉटरी' में एक करोड़ रुपये की रकम जीत ली है। आइए इस पूरे मामले के बारे में विस्तार से जानते हैं।
मामला
सामान खरीदने गईं और लॉटरी जीत गईं
महिला का नाम बिमला देवी है, जो पंजाब के कोटकपुरा की रहने वाली हैं। उनके पति एक मजदूर हैं और परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।
बिमला एक दिन बाजार से कपड़े खरीदने निकली थीं, जब उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास 'स्टार लॉटरी स्टॉल' से लॉटरी का टिकट खरीदा। उस वक्त उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि इस 7 रुपये के टिकट के जरिए उनकी किस्मत के ताले खुलने वाले हैं।
जश्न
खुशी से झूम उठा बिमला का परिवार
टिकट खरीदने के अगले ही दिन लॉटरी स्टॉल के संचालक नरेश मोंगा ने बिमला को एक खुशखबरी के साथ फोन किया। एक करोड़ रुपये जीतने की खबर सुनने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था।
तुरंत उनका परिवार स्टॉल पर पहुंचा, जहां मिठाइयों के साथ उनका स्वागत किया गया। जीत का जश्न मनाते हुए बिमला का परिवार भांगड़ा करता दिखाई दिया और करीबी लोग उन्हें बधाई देते नजर आए।
रकम
बिमला कैसे इस्तेमाल करेंगी जीत की रकम?
बिमला के मुताबिक, मजदूर की कमाई से घर का खर्च चलाना कभी भी आसान नहीं रहा। अब उन्हें लॉटरी की रकम के जरिए अपने परिवार की आर्थिक परेशानियों को हल करने में मदद मिलेगी।
वह इस बात से राहत महसूस करती हैं कि अब वह अपने बच्चों का भविष्य बेहतर बना सकेंगी। उनके परिवार ने अभी तय नहीं किया है कि पैसे का इस्तेमाल किस तरह किया जाएगा।
हालांकि, बिमला का विचार एक व्यापार शुरू करने का है।
जानकारी
लॉटरी संचालक ने भी जताई खुशी
लॉटरी संचालक नरेश ने बताया कि वह पिछले 6 महीने से लॉटरी बेच रहे हैं। इससे पहले कई लोग लाखों रुपये जीत चुके हैं। हालांकि, पहली बार उनकी दुकान पर किसी ने एक करोड़ रुपये की लॉटरी जीती है।