Page Loader
दुनियाभर में शादी की अजीब परंपराएं, दूल्हा-दुल्हन पर कहीं फेंका जाता है कीचड़ तो कहीं टमाटर 
5 अजीबोगरीब शादी की परंपराएं (तस्वीर: फ्रीपिक)

दुनियाभर में शादी की अजीब परंपराएं, दूल्हा-दुल्हन पर कहीं फेंका जाता है कीचड़ तो कहीं टमाटर 

लेखन गौसिया
Jun 11, 2023
01:53 pm

क्या है खबर?

दुनिया के अलग-अलग देशों में होने वाली शादियों में कई तरह की परंपराओं, रीति-रिवाज और रस्मों का पालन किया जाता है। इन सभी रीति-रिवाजों का अपना-अपना महत्व होता है। हालांकि, इनमें से कुछ रस्में इतनी अजीबोगरीब होती हैं, जिनके बारे में सुनकर आपको हैरानी होगी और साथ ही हंसी भी आएगी। ये रीति-रिवाज जैसे भी हों, लेकिन लोगों का मानना है कि इन्हें निभाने से नए जोड़े के जीवन में सौभाग्य और समृद्धि आती हैं।

#1

जर्मनी: मस्ती के नाम पर दूल्हा-दुल्हन को निभानी पड़ती हैं ये अनोखी रस्में

जर्मनी में शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन द्वारा लकड़ी काटने की रस्म निभाई जाती है। दरअसल, यह रस्म माहौल को खुशनुमा और मस्तीभरा बनाने के लिए की जाती है। इसमें नवविवाहित जोड़ी को मिलकर लकड़ी के 2 हिस्से करने होते हैं। इससे दोनों के रिश्ते की मजबूती भी मापी जाती है। इसके अलावा यहां शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन और मेहमान मिलकर चीनी-मिट्टी के बर्तन भी तोड़ते हैं, जिसकी सफाई अगले दिन नवविवाहित जोड़ी को साथ मिलकर करनी पड़ती है।

#2

भारत: टमाटर फेंककर किया जाता है दूल्हे का स्वागत

आपको हर साल स्पेन में मनाया जाने वाला टोमाटीना उत्सव के बारे में तो पता ही होगा। उसमें टमाटर के जरिए होली खेली जाती है। ऐसा ही कुछ उत्तर प्रदेश के शहर सरसौल में शादी के दौरान टमाटर का त्योहार मनाया जाता है। इसमें दूल्हे के परिवार का स्वागत लड़की वाले गुलाब की पंखुड़ियों की बजाय टमाटर फेंककर करते हैं। मान्यताओं के अनुसार, अगर शादी अजीब तरीके से होती है तो नवविवाहित जोड़े का रिश्ता गहरा, आनंदमय और प्रेमपूर्ण होगा।

#3

स्कॉटलैंड: दूल्हा-दुल्हन पर फेंकी जाती हैं अजीबोगरीब चीजें

स्कॉटलैंड में शादी से पहले दूल्हे-दुल्हन को 'ब्लैकनिंग' नामक रस्म से गुजरना पड़ता है। इसमें होने वाले दू्ल्हा और दुल्हन पर काली स्याही, अंडा, सड़ा खाना, कचरा और आटा जैसी सामग्री फेंकी जाती है। कुछ जगहों पर तो दूल्हा और दुल्हन को काली स्याही या कालिख से जरूर पोता जाता है। इस परंपरा से संदेश दिया जाता है कि शादी सिर्फ एक खूबसूरत एहसास ही नहीं, बल्कि उसमें तमाम तरह की मुश्किलें भी आती है।

#4

वेनेजुएला: खुद की शादी समारोह से गायब हो जाते हैं दूल्हा-दुल्हन

अगर आप वेनेजुएला में किसी शादी समारोह में जाएं और वहां आपको दूल्हा-दुल्हन न दिखें तो चौंकिएगा नहीं क्योंकि यह वहां की शादी की अनोखी परंपरा है। दरअसल, वहां नवविवाहित जोड़ी अपने मेहमानों को बगैर अलविदा कहे ही शादी समारोह से चुप-चाप चले जाते हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि यहां ऐसा माना जाता है कि यह परंपरा नवविवाहित जोड़ी के जीवन में सौभाग्य लाती है।

#5

क्यूबा: दुल्हन के साथ डांस करते समय पैसे देना है जरूरी

अमूमन लोग शादी के दौरान नाच-गाना तो करते ही हैं, लेकिन क्यूबा में आपको डांस के लिए अलग से पैसे देने पड़ते हैं। यहां दुल्हन के साथ डांस करने वाले हर व्यक्ति को उसकी ड्रेस पर पैसे चिपकाने होते हैं। यकीनन ये जानकर आपको हैरानी हो रही होगी, लेकिन यह रस्म जोड़े की शादी और हनीमून के लिए भुगतान करने में मदद करने के लिहाज से की जाती है।