ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं यशस्वी जायसवाल, जानिए उनके शानदार आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच टी-20 सीरीज का आगाज 23 नवंबर से होने जा रहा है।
इस सीरीज में कई युवा भारतीय खिलाड़ियों को मौका दिया गया है।
यशस्वी जायसवाल उन्हीं खिलाड़ियों में से एक हैं। पिछले कुछ दिनों से इस युवा सनसनी का बल्ला खूब चल रहा है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज उन्हें जल्द से जल्द पवेलियन भेजना चाहेंगे।
आइए उनके शानदार आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
रन
161.11 की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं यशस्वी
यशस्वी ने इसी साल वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 क्रिकेट में डेब्यू किया था।
उन्होंने अब तक 8 मुकाबले खेले हैं और इसकी 7 पारियों में 38.66 की औसत से 232 रन बना चुके हैं।
इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 161.11 की रही है। उन्होंने 1 शतक और 1 अर्धशतक लगाए हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100 रन रहा है। वह 1 बार नाबाद भी रहे हैं। वह पहली गेंद से ही बड़े-बड़े शॉट्स लगाने के लिए जाने जाते हैं।
शतक
एशियाई खेलों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय हैं यशस्वी
इस साल खेले गए एशियाई खेलों में नेपाल क्रिकेट टीम के खिलाफ यशस्वी ने 48 गेंदों में शतक जड़ दिया था।
वह 49 गेंदों में 100 रन बनाकर आउट हुए थे, उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए थे।
21 वर्षीय जायसवाल टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी भी बने थे।
उन्होंने शुभमन गिल (23 साल और 146 दिन) का रिकॉर्ड तोड़ा था। जायसवाल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक लगाने वाले भी सबसे युवा भारतीय हैं।
टी-20
जायसवाल के टी-20 करियर पर एक नजर
जायसवाल ने अपने टी-20 करियर में अब तक 73 टी-20 मैचों में 2,052 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 12 अर्धशतक भी निकले हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स (RR) की तरफ से जायसवाल का प्रदर्शन शानदार रहा था।
उन्होंने 14 मैच में 48.08 की औसत और 163.61 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 625 रन बनाए थे। उनके इसी प्रदर्शन के कारण उन्हें भारतीय टीम में चुना गया था।
करियर
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कैसा रहा है जायसवाल का प्रदर्शन?
यशस्वी मुंबई क्रिकेट टीम के लिए बतौर सलामी बल्लेबाज फर्स्ट क्लास क्रिकेट में खेलते हैं। उन्होंने अब तक 29 पारियों में 81.19 की शानदार औसत के साथ 2,111 रन बनाए हैं।
इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 65.45 की रही है। 21 साल के जायसवाल फर्स्ट क्लास करियर में अब तक 10 शतक और 3 अर्धशतक जमा चुके हैं।
जायसवाल के प्रदर्शन को देखकर कई पूर्व और वर्तमान क्रिकेटरों ने काफी तारीफ भी की है।