विश्व कप क्वालीफायर्स: चरित असलंका ने पूरे किए अपने 1,000 रन, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम के चरित असलंका ने विश्व कप क्वालीफायर्स 2023 के 19वें मैच में स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी (63) खेली है। इस बीच उन्होंने अपने वनडे करियर के 1,000 रन भी पूरे कर लिए हैं।
यह मौजूदा टूर्नामेंट में उनके बल्ले से निकलने वाला पहला अर्धशतक है।
उनकी पारी की मदद से श्रीलंका ने पहले खेलते हुए 245/10 का स्कोर बनाया था।
आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही असलंका की पारी
जब श्रीलंका ने 43 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया था, तब असलंका बल्लेबाजी के लिए आए थे।
उन्होंने 47 गेंदों में अपने वनडे करियर का 8वां अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने पथुम निसांका (75) के साथ चौथे विकेट के लिए 44 रन और धनंजय डी सिल्वा (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की थी। उन्होंने 65 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
वनडे करियर
अच्छा चल रहा है असलंका का वनडे करियर
असलंका ने अपने युवा वनडे करियर में अब तक 31 वनडे खेले हैं, जिसमें उन्होंने 42.20 की औसत और 92.54 की स्ट्राइक रेट से 1,055 रन बना लिए हैं।
इस बीच वह 1 शतक और 8 अर्धशतक भी लगा चुके हैं।
इस समय खेले जा रहे विश्व कप क्वालीफायर्स में उन्होंने पहली अर्धशतकीय पारी खेली है। उन्होंने अपने पहले मैच में UAE क्रिकेट टीम के खिलाफ नाबाद 48 रन और आयरलैंड के खिलाफ 38 रन बनाए थे।
आंकड़े
2021 से सर्वाधिक रन बनाने वाले श्रीलंकाई हैं असलंका
असलंका पिछले 2 सालों में श्रीलंका की ओर से निरंतर रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया और तब से पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 2021 से अब तक 1,055 रन बनाए हैं, जो किसी भी श्रीलंकाई बल्लेबाज द्वारा सबसे अधिक है।
इस अवधि में निसांका (1,036) उनसे पीछे हैं। ये दोनों बल्लेबाज ही इस अवधि में 1,000 वनडे रन पार करने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाज हैं।
लेखा-जोखा
श्रीलंका ने दर्ज की चौथी जीत
श्रीलंका ने स्कॉटलैंड को 82 रनों से हराते हुए विश्व कप क्वालीफायर्स में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की है।
क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मैच में श्रीलंका ने पहले खेलते हुए असलंका (63) और निसांका (75) के अर्धशतकों की मदद से 49.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 245 रन बनाए थे।
जवाब में स्कॉटलैंड के बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम 163 रन बनाकर ही ऑलआउट हो गई।