विश्व कप क्वालीफायर्स 2023: पथुम निसांका ने पूरे किए अपने 1,000 वनडे रन
क्या है खबर?
विश्व कप क्वालीफायर्स 2023 के 19वें मैच में श्रीलंका क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी (75) खेली।
इस टूर्नामेंट में यह उनके बल्ले से निकलने वाला दूसरा अर्धशतक रहा, जिसकी मदद से उन्होंने अपने वनडे करियर में 1,000 रन भी पूरे कर लिए हैं।
उनकी शानदार बल्लेबाजी के बावजूद श्रीलंका ने पहले खेलते हुए सभी विकेट खोकर 245 रन बनाए है।
आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही निसांका की बल्लेबाजी
पारी की शुरुआत करने आए निसांका आज अच्छी लय में नजर आए। जब श्रीलंका ने 43 रन के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो दिए थे, तब उन्होंने टिककर बल्लेबाजी की और टीम मुश्किलों से निकालने का प्रयास किया।
उन्होंने 50 गेंदों में अपने वनडे करियर का 9वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 85 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 75 रन बनाए।
इस बीच उन्होंने समरविक्रमा के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की।
आंकड़े
निसांका ने अपनी 30वीं पारी में पूरे किए 1,000 रन
निसांका ने अपने वनडे करियर की 30वीं पारी के दौरान अपने 1,000 रन पूरे किए हैं।
श्रीलंका में उनसे कम पारियों में यह आंकड़ा सिर्फ रॉय डायस (27 पारी), उपुल थरंगा (28 पारी) और कुसल मेंडिस (28 पारी) ने छूआ है। इसके अलावा उन्होंने दिनेश चांदीमल (30 पारी) और निरोशन डिकवेला (30) की बराबरी कर ली है।
निसांका ने चमारा सिल्वा को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 31 पारियों में अपने 1,000 रन पूरे किए थे।
वनडे करियर
कैसा रहा है निसांका का वनडे करियर?
दाएं हाथ के बल्लेबाज निसांका ने अब तक 30 वनडे में 37.00 की औसत और 82.75 की स्ट्राइक रेट से 1,036 रन बना लिए हैं।
इस बीच उन्होंने 1 शतक और 9 अर्धशतक लगाए हैं। आज की पारी के दौरान उन्होंने रनों के मामले में अपने ही देश के ब्रेंडन कुरुप्पु (1,022) को पीछे छोड़ दिया है।
वह फिलहाल श्रीलंका की ओर से 36वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
श्रीलंका
श्रीलंका ने पहले खेलते हुए बनाया 245 रन का स्कोर
क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेलते हुए श्रीलंका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 245 रन बनाए हैं।
श्रीलंका से निसांका के अलावा चरित असलांका ने भी अर्धशतकीय पारी (63) खेली है। दूसरी तरफ स्कॉटलैंड से क्रिस ग्रीव्स सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 6.3 ओवर में 32 रन देते हुए 4 विकेट लिए।
उनके अलावा मार्क वाट ने 3 और क्रिस ग्रीव्स ने 2 विकेट लिए।