क्या IPL 2027 में खेलेंगे महेंद्र सिंह धोनी? संन्यास की अटकलों पर तोड़ी चुप्पी
क्या है खबर?
चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चोट के कारण एक भी मैच नहीं खेल सके थे। इस लीग में उनके भविष्य को लेकर कई अटकलें लगाई जाती रही हैं। अब धोनी के प्रशंसक उन्हें IPL 2027 में खेलते हुए देखना चाहते हैं। इस बीच धोनी ने IPL में अपने भविष्य को लेकर कहा है कि दिसंबर से पहले फैसला ले लेंगे कि आगे खेलना है या नहीं।
बयान
धोनी ने IPL 2027 में खेलने को लेकर दिया जवाब
बेंगलुरु में एक हेल्थकेयर इवेंट के दौरान, उनके भविष्य को लेकर सवाल फिर से चर्चा में आ गया।
धोनी ने कहा कि उन्हें कुछ टेस्ट से गुजरना होगा, जिससे पता चलेगा कि क्या वह CSK के लिए एक और सीजन खेल सकते हैं या नहीं।
ANI के अनुसार, धोनी ने कहा, "मुझे कुछ टेस्ट कराना होगा। आपको मुझे रिपोर्ट देनी होगी, जिसे देखने के बाद दिसंबर से पहले तय करूंगा कि एक और सीजन खेलने के लिए कितना फिट हूं।"
बयान
धोनी ने दिया मजाकिया अंदाज में जवाब
धोनी ने मजाक में कहा कि अगर उनका शरीर साथ नहीं दिया तो डॉक्टरों को इस पुरानी गाड़ी को ठीक करके सड़क पर चलाने लायक बनाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा, "अगर मैं फिट नहीं हो पाया तो फिर आपको यह पक्का करना होगा कि आप मेरे साथ सब कुछ सही करें, और यह भी सुनिश्चित करें कि यह पुरानी विंटेज गाड़ी सड़क पर अच्छे से चले। तो सारा दबाव उन्हीं पर है।"
पूर्व बयान
काशी विश्वनाथन ने जताई थी धोनी के खेलने की उम्मीद
CSK को उम्मीद है कि धोनी IPL 2027 में खेलने के लिए मौजूद रहेंगे।
CSK के CEO काशी विश्वनाथन ने कहा कि यह फैसला स्टार विकेटकीपर पर छोड़ दिया गया है।
काशी विश्वनाथन ने कहा, "यह सवाल आपको उनसे पूछना चाहिए। मुझे भी उनसे पूछना है। जब वह चेन्नई आएंगे, तब वह हमें अपने फैसले के बारे में बताएंगे। मुझे लगता है कि उनके CSK के लिए खेलते रहने की संभावना है। आखिरकार, वह अभी भी एक खिलाड़ी हैं।"
धोनी
अगले साल तक 46 साल के होंगे धोनी
धोनी IPL के सबसे मशहूर खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद भी लंबे समय से IPL में खेलना जारी रखा है। जुलाई 2027 में धोनी अपने जीवन के 46 साल पूरे कर लेंगे।
यह देखना दिलचस्प होगा कि धोनी उम्र के इस पड़ाव में IPL में कब तक खेलना जारी रखेंगे।