LOADING...
रोहित शर्मा को MI की कप्तानी से क्यों हटाया गया? कोच मार्क बाउचर ने बताया कारण
रोहित की जगह अब हार्दिक करेंगे MI की कप्तानी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

रोहित शर्मा को MI की कप्तानी से क्यों हटाया गया? कोच मार्क बाउचर ने बताया कारण

Feb 06, 2024
02:54 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन में हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। दिसंबर 2023 में MI टीम प्रबंधन ने पांड्या को रोहित शर्मा की जगह पर टीम का नया कप्तान बनाया था। रोहित को कप्तानी से हटाए जाने के बाद MI को काफी आलोचना भी झेलनी पड़ी थी। अब टीम के मुख्य कोच मार्क बाउचर ने इस बारे में विस्तृत जानकारी दी है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा है।

बयान

बिना कप्तानी के रोहित कर सकेंगे जोरदार प्रदर्शन- बाउचर 

बाउचर ने स्मैश स्पोर्ट्स पॉडकास्ट पर कहा, "हमने पांड्या को एक खिलाड़ी के रूप में वापस लाने के लिए विंडो पीरियड देखा। मेरे लिए यह बदलाव की प्रक्रिया है। इस बात को भारत में बहुत से लोग समझ नहीं पाते हैं और भावुक हो जाते हैं, लेकिन भावनाओं को खेल से दूर रखना होता है।" बाउचर ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि यह एक खिलाड़ी के रूप में रोहित का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लाएगा।"

बयान

बाउचर ने रोहित की कप्तानी की तारीफ की 

बाउचर ने रोहित की कप्तानी की तारीफ करते हुए आगे कहा, "रोहित लंबे समय से कप्तानी कर रहे हैं और उन्होंने MI के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। अब वह भारत का भी नेतृत्व करते हैं। वह बहुत व्यस्त हैं और पिछले कुछ सीजन में उन्होंने बल्ले से इतना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन एक कप्तान के रूप में वो बेहतरीन रहे हैं।" बता दें कि IPL 2023 में रोहित ने 132.80 की औसत से 332 रन बनाए थे।

हार्दिक

हार्दिक पांड्या में है कप्तानी की पूरी काबिलियत- बाउचर

बाउचर ने अपने नये कप्तान पांड्या की भी तारीफ की। बाउचर ने इस बारे में कहा, "वह MI से खेल चुके हैं। वह दूसरी फ्रेंचाइजी में गए और पहले साल खिताब जीता और दूसरे साल उनके नेतृत्व में टीम उपविजेता रही। जाहिर तौर पर उनमें कप्तानी करने की क्षमता है।" पांड्या ने IPL में पहली बार साल 2022 में गुजरात टाइटंस (GT) की कप्तानी की थी। उन्होंने पहले सीजन में ही GT को चैंपियन बना दिया था।

जानकारी

बाउचर के बयान पर रितिका सजदेह ने दी अपनी प्रतिक्रिया 

रोहित की पत्नी रितिका सजदेह ने बाउचर की बात पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कमेंट करते हुए कहा, 'इसमें बहुत सी चीजें गलत हैं।' ऐसे में एक बार फिर से सोशल मीडिया में विवाद होता हुआ नजर आ रहा है।

खिताब 

रोहित के नेतृत्व में 5 खिताब जीत चुकी है मुंबई इंडियंस

MI ने रोहित के नेतृत्व में संयुक्त रूप से सर्वाधिक 5 खिताब (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) जीते हैं। उनके अलावा लीग में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) भी 5 (2010, 2011, 2018, 2021, 2023) बार विजेता रह चुकी है। बता दें कि रोहित ने 158 मैचों में MI की कप्तानी की है, जिसमें से 87 मैच में जीत और 67 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। इनके आलावा 4 मैच टाई रहे हैं।