Page Loader
ओलंपिक के इतिहास में इन भारतीय खिलाड़ियों ने जीते हैं एक से अधिक पदक
टोक्यो और रियो ओलंपिक में पदक जीत चुकी हैं पीवी सिंधु (तस्वीर: एक्स/@Pvsindhu1)

ओलंपिक के इतिहास में इन भारतीय खिलाड़ियों ने जीते हैं एक से अधिक पदक

Jul 16, 2024
09:02 am

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक की शुरुआत 26 जुलाई से होगी, जिसमें भारत के 110 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। भारतीय खिलाड़ी 16 विभिन्न खेलों में प्रतिस्पर्धा करते हुए नजर आएंगे। पिछले टोक्यो ओलंपिक में भारत की झोली में कुल 7 पदक आए थे और आगामी संस्करण में भारतीय दल का पदक संख्या में इजाफा करने का प्रयास होगा। इस बीच ओलंपिक के इतिहास में एक से अधिक ओलंपिक पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।

सुशील कुमार

सुशील कुमार ने कुश्ती में जीते 2 पदक 

2008 में सुशील कुमार ने कुश्ती में भारत के लिए कांस्य पदक जीता था। वह पुरुषों की 66 किग्रा वर्ग में पहले दौर में हार गए लेकिन रेपेचेज के जरिए आगे बढ़ गए। भारतीय पहलवान ने कांस्य पदक के मुकाबले में लियोनिद स्पिरिडोनोव को 3:1 से हराया था। सुशील ने 2012 में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया था। वह स्वतंत्र भारत में 2 पदक जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने थे।

पीवी सिंधु 

टोक्यो और रियो ओलंपिक में पदक जीत चुकी हैं पीवी सिंधु 

पीवी सिंधु ने रियो ओलंपिक 2016 में महिला एकल बैडमिंटन स्पर्धा में रजत पदक जीता था। वह ओलंपिक का फाइनल खेलने वाली पहली भारतीय शटलर बनीं थी। वह ओलंपिक पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय भी थीं। सिंधु फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त स्पेन की कैरोलिना मारिन से हार गईं थी। इसके बाद टोक्यो ओलंपिक 2020 में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था। भारतीयों में उनके अलावा सिर्फ साइना नेहवाल ने ही बैडमिंटन में पदक जीता है।

नॉर्मन प्रिचर्ड

पेरिस ओलंपिक 1900 में नॉर्मन प्रिचर्ड ने जीते थे ऐतिहासिक पदक

भारत ने पहली बार 1900 में पेरिस ओलंपिक में भाग लिया था। नॉर्मन प्रिचर्ड ने एथलेटिक्स में 2 रजत पदक (पुरुषों की 200 मीटर और पुरुषों की 200 मीटर बाधा दौड़) जीते थे। वह ओलंपिक में भारत के पहले पदक विजेता बने थे। इसके साथ ही भारत ओलंपिक पदक जीतने वाला पहला एशियाई देश बन गया था। प्रिचर्ड देश के लिए एक से अधिक ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय (ब्रिटिश-भारतीय) एथलीट थे।

हॉकी 

हॉकी में भारत की झोली में आए हैं 12 पदक

जहां तक ​​टीम खेल का सवाल है, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ओलंपिक में 12 पदक जीते हैं। इनमें से आठ स्वर्ण पदक थे। भारतीय हॉकी दल ने 1928 से 1956 के बीच ओलंपिक में लगातार 6 स्वर्ण पदक जीते। पिछले टोक्यो ओलंपिक में भी भारतीय हॉकी टीम ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया था। टोक्यो में कांस्य पदक के लिए मुकाबले में भारतीय पुरुष टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराया था।

पोल

क्या पीवी सिंधु पेरिस ओलंपिक में पदक जीतने में सफल हो पाएगी?