Page Loader
IPL 2022 नीलामी: लीग इतिहास में सबसे महंगे बिकने वाले श्रीलंकाई खिलाड़ी बने हसरंगा
वनिंदु हसरंगा

IPL 2022 नीलामी: लीग इतिहास में सबसे महंगे बिकने वाले श्रीलंकाई खिलाड़ी बने हसरंगा

लेखन Neeraj Pandey
Feb 12, 2022
03:51 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की नीलामी में श्रीलंका के ऑलराउंडर वनिंदु हसरंगा पर जमकर पैसों की बारिश हुई है। पिछले सीजन में UAE लेग में रिप्लेसमेंट के तौर पर IPL खेलने वाले हसरंगा को 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा गया है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) द्वारा खरीदे जाने के बाद अब हसरंगा IPL इतिहास में सबसे अधिक दाम में बिकने वाले श्रीलंकाई खिलाड़ी बन गए हैं। आइए जानते हैं पूरी खबर।

अवरोध

एक घंटे तक रोकी गई थी बोली प्रक्रिया

हसरंगा के लिए बोली 10.75 करोड़ रुपये तक पहुंची ही थी कि बोली लगवा रहे ह्यूज एडमीड्स गश खाकर गिर गए और बोली रोक देनी पड़ी थी। इसके बाद लंच घोषित कर दिया गया था और लगभग एक घंटे के बाद नीलामी दोबारा शुरु हुई है। दोबारा नीलामी शुरु होने पर पंजाब किंग्स ने खुद को पीछे हटा लिया और 10.75 की कीमत में आगे चल रही RCB ने हसरंगा को खरीद लिया।

पिछला सीजन

पिछले सीजन हसरंगा को नहीं मिला था कोई खरीदार

हसरंगा ने पिछले सीजन के दूसरे चरण में RCB ज्वाइन किया था। उन्हें एडम जैंपा के विकल्प के रूप में लाया गया था। हसरंगा ने उस सीजन की नीलामी में 50 लाख रूपये की बेस प्राइस के साथ अपना नाम दिया था, लेकिन अनसोल्ड रहे थे। इसके बाद उन्हें RCB में आने का मौका मिला और उन्होंने दो मुकाबले खेले। दो मैच खेलने के बाद उन्हें रिलीज कर दिया गया था।

करियर

ऐसा रहा है हसरंगा का टी-20 करियर

24 साल के हसरंगा ने अब तक 84 टी-20 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 15.70 की शानदार औसत के साथ 113 विकेट हासिल किए हैं। टी-20 में 26 रन देकर पांच विकेट लेना उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। टी-20 करियर में हसरंगा की इकॉनमी 6.50 से कम रही है। हसरंगा ने टी-20 में 136 से अधिक की स्ट्राइक-रेट से रन बनाए हैं और तीन अर्धशतकों की मदद से 992 रन बना चुके हैं।

शुरुआत

27 मार्च से शुरु हो सकती है लीग

IPL के कार्यक्रम की अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन यह तय है कि कोरोना के प्रभाव के बीच लीग का आयोजन सीमित मैदानों में किया जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरव गांगुली यह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि आगामी सीजन के ग्रुप मैच महाराष्ट्र में खेले जाएंगे। cricbuzz के मुताबिक IPL 2022 की शुरुआत 27 मार्च से हो सकती है और फाइनल मुकालबा मई के आखिर में होने की संभावना है।