Page Loader
विराट कोहली एक मैदान पर 100 टी-20 मैच खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने, जानिए आंकड़े 
विराट कोहली ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है (तस्वीर: एक्स/@IPL)

विराट कोहली एक मैदान पर 100 टी-20 मैच खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने, जानिए आंकड़े 

Apr 02, 2024
11:18 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का 15वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला गया। इस मैच में RCB के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह एक मैदान पर (एम चिन्नास्वामी स्टेडियम) 100 टी-20 मैच खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने हैं। मैच में कोहली 22 रन बनाकर आउट हुए। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

आंकड़े

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कैसे हैं कोहली के आंकड़े?

कोहली ने इस मैदान पर पहला मुकाबला साल 2008 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने यहां 100 मुकाबले खेले हैं और इसकी 97 पारियों में 39.73 की औसत से 3,298 रन बनाए हैं। वह 14 बार नाबाद भी रहे हैं। कोहली ने इस मैदान पर 4 शतक और 25 अर्धशतक लगाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट यहां 141.72 की रही है। कोहली के बाद इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन एबी डिविलियर्स (1,991) ने बनाए हैं।

भारतीय

एक मैदान पर सबसे ज्यादा टी-20 मैच खेलने वाले अन्य भारतीय 

कोहली के बाद रोहित शर्मा एक मैदान पर सबसे ज्यादा टी-20 मैच खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में 80 मुकाबले खेले हैं। इसकी 79 पारियों में 33.40 की औसत और 134.73 की स्ट्राइक रेट से इस खिलाड़ी ने 2,238 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 16 अर्धशतक निकले हैं। तीसरे स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी हैं। उन्होंने एम चिंदबरम स्टेडियम में 69 मुकाबले खेले हैं और 141.13 की स्ट्राइक रेट से 1,513 रन बनाए हैं।

खिलाड़ी

एक मैदान पर सबसे ज्यादा टी-20 मैच खेलने वाले बल्लेबाज 

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी महमुदुल्लाह एक मैदान पर सबसे ज्यााद टी-20 मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने शेरे बांग्ला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर 146 मुकाबले खेले हैं। इसकी 137 पारियों में उन्होंने 29.00 की औसत से 2,958 रन बनाए हैं। मुश्फिकुर रहीम दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने भी शेरे बांग्ला स्टेडियम पर 138 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 34.45 की औसत से 3,239 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से यहां 20 अर्धशतक निकले हैं।

मैच

मैच में क्या हुआ?

LSG ने RCB को 28 रन से हराते हुए इस सीजन में दूसरी जीत दर्ज की है। LSG से क्विंटन डिकॉक ने अर्धशतक (81) लगाया। उनके अलावा निकोलस पूरन ने 21 गेंदों में 40* रन बनाते हुए टीम को 181/5 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में RCB ने नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाते रहे। मुश्किल घड़ी में रजत पाटीदार (29) और महिपाल लोमरोर ने संघर्ष किया लेकिन LSG की दमदार गेंदबाजी के चलते RCB लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।