Page Loader
विराट कोहली IPL में CSK के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े 
विराट कोहली ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया (तस्वीर: एक्स/@IPL)

विराट कोहली IPL में CSK के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े 

Mar 28, 2025
08:42 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 8वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह IPL के इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। 36 साल के इस खिलाड़ी ने 5वां रन बनाते ही यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह 31 रन बनाकर नूर अहमद की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने शिखर धवन को पीछे छोड़ा है।

रिकॉर्ड

33 मैचों में तोड़ा कोहली ने रिकॉर्ड 

धवन ने CSK के खिलाफ 29 मैचों की 29 पारियों में 5 बार नाबाद रहते हुए 44.04 की औसत से 1,057 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 131.80 की रही थी। उनके बल्ले से 8 अर्धशतक और 1 शतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101* रन रहा था। कोहली ने 33 मैचों में उनका रिकॉर्ड तोड़ा है। इस दिग्गज ने CSK के खिलाफ 9 अर्धशतक जड़े हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 126 से ज्यादा की है।

करियर

कोहली ने इन टीमों के खिलाफ बनाए हैं 1,000 से ज्यादा रन 

कोहली IPL में 4 टीमों के खिलाफ 1,000 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं। उन्होंने CSK के अलावा दिल्ली कैपिटल्स (DC), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ यह कारनामा किया है। इस मामले में डेविड वार्नर और रोहित शर्मा दूसरे पायदान पर हैं। वार्नर ने KKR और PBKS तो रोहित ने KKR और DC के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की है। इसी तरह धवन ने CSK के खिलाफ यह कारनामा किया है।