Page Loader
तिलक वर्मा IPL में 1,000 रन पूरे करने वाले तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी बनें, जड़ा अर्धशतक
तिलक वर्मा ने अर्धशतक जड़कर हासिल की बड़ी उपलब्धि (तस्वीर: एक्स/@IPL)

तिलक वर्मा IPL में 1,000 रन पूरे करने वाले तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी बनें, जड़ा अर्धशतक

Apr 22, 2024
09:43 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 38वें मुकाबले में सोमवार को मुंबई इंडियंस (MI) के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने राजस्थान राॅयल्स (RR) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (65) जड़ा। यह उनके IPL करियर का 5वां और RR के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 38 गेंदों में पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने IPL करियर में 1,000 रन भी पूरे कर लिए। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालतें हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही तिलक की पारी और साझेदारी?

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए MI को 6 रन के कुल स्कोर पर ईशान किशन (0) के रूप में दूसरा झटका लगा था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए तिलक ने शुरुआत में संयमित बल्लेबाजी की और फिर हाथ खोलते हुए तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने नेहल वढेरा (49) के साथ 5वें विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी निभाई। वह 45 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए।

उपलब्धि

IPL में 1,000 रन पूरे करने वाले तीसरे सबसे युवा बल्लेबाज

इस पारी का 47वां रन बनाते ही तिलक के IPL में 1,000 रन पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 63वें खिलाड़ी हैं। वह लीग में 1,000 रन पूरे करने वाले तीसरे सबसे युवा बल्लेबाज हैं। उन्होंने 21 साल 166 दिन की आयु में यह उपलब्धि हासिल की है। इस मामले में ऋषभ पंत (20 साल 218 दिन) पहले, यशस्वी जायसवाल (21 साल 130 दिन) दूसरे और पृथ्वी शॉ (21 साल 169 दिन) चौथे पायदान पर हैं।

करियर

कैसा रहा है तिलक का IPL करियर?

तिलक ने 2022 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक इस लीग में 33 मैच खेले चुके हैं, जिसमें उन्होंने 40.52 की औसत और 146.39 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,013 रन बनाए हैं। उन्होंने 5 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 84 रन का रहा है। वह लीग में अब तक 74 चौके और 53 छक्के जमा चुके हैं। पिछले सीजन में उन्होंने 11 पारियों में 343 रन बनाए थे।