LOADING...
IPL 2025 के बाद महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास लेने की कोई संभावना नहीं- रिपोर्ट 
IPL 2025 के बाद भी संन्यास लेने के मूड में नहीं हैं महेंद्र सिंह धोनी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025 के बाद महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास लेने की कोई संभावना नहीं- रिपोर्ट 

May 17, 2025
02:02 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का अब तक का प्रदर्शन काफी खराब रहा है। टीम अब तक खेले 12 में से 3 ही मैच जीत पाई है और अंक तालिका में आखिरी पायदान पर है। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी भी टीम को जीत के पटरी पर नहीं लौटा सकी है। इस बीच TOI की रिपोर्ट में सामने आया है कि धोनी खराब प्रदर्शन के बाद भी संन्यास की योजना नहीं बना रहे हैं।

संभावना

चुनौतियों के बीच धोनी का CSK के साथ बने रहना संभव

रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा संस्करण में CSK के निराशाजनक प्रदर्शन और धोनी की भूमिका के बारे में व्यापक अटकलों के बावजूद उनकी ओर से संन्यास पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिय गया है। 43 वर्षीय खिलाड़ी ने टीम प्रबंधन से कहा है कि वह संन्यास या आगे की भूमिका पर कुछ महीनों में निर्णय लेंगे। बता दें कि CSK IPL 2025 के प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। वह अब शेष मैच केवल मनोबल बढ़ाने के लिए खेलेगी।

महत्व

CSK के भविष्य में धोनी की भूमिका अहम

टीम के लिए 2023 में चैंपियनशिप जीतने जैसा अपना पूर्व गौरव वापस पाने के लिए धोनी की उपस्थिति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एक विकेटकीपर, अंतिम क्रम के बल्लेबाज और मार्गदर्शक के रूप में टीम में धोनी की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। इतना ही नहीं, पिछले 2 वर्षों से धोनी की शारीरिक स्थिति में सुधार हुआ है। हालांकि, लगातार घुटने की समस्या के कारण उन्हें अधिक ओवर बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला है।

Advertisement

कप्तानी

गायकवाड़ को फिर मिलेगी CSK की कप्तानी 

भले ही धोनी का टीम के साथ बने रहना तय है, लेकिन उनके कप्तानी छोड़ने की पूरी संभावना है। अगले सत्र से कप्तानी की जिम्मेदारी फिर से रुतुराज गायकवाड़ को सौंपी जा सकती है। उल्लेखनीय है कि कोहनी की चोट के कारण गायकवाड़ IPL 2025 के बीच से बाहर हो गए थे। इसके बाद धोनी ने कप्तानी संभाली है। हालांकि, गायकवाड़ की कप्तानी में नतीजे मिले-जुले रहे हैं, लेकिन टीम अभी उनसे यह भूमिका नहीं छीनना चाहती है।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है धोनी का IPL करियर?

धोनी IPL इतिहास के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। वह अब तक 276 मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने इस दौरान 5,423 रन बनाए हैं और उनकी औसत 38.46 और स्ट्राइक रेट 137.63 की रही है। इस अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज के नाम 24 IPL अर्धशतक हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 84* रन है। IPL 2025 में उन्होंने 12 मैचों में 140.62 की स्ट्राइक रेट से 180 रन बनाए हैं। CSK ने उनके नेतृत्व में ही अपने पांचों खिताब जीते हैं।

Advertisement