Page Loader
ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप: ओवल और लॉर्ड्स में खेले जाएंगे अगले दो फाइनल मुकाबले
मौजूदा चक्र का फाइनल ओवल में होगा (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप: ओवल और लॉर्ड्स में खेले जाएंगे अगले दो फाइनल मुकाबले

Sep 21, 2022
03:51 pm

क्या है खबर?

इस समय खेली जा रही ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के दूसरे चक्र का फाइनल मुकाबला ओवल के मैदान में जून 2023 में खेला जाएगा। इसके अलावा WTC के अगले चक्र के फाइनल की मेजबानी लॉर्ड्स स्टेडियम के हिस्से में गई है, जो 2025 में खेला जाना है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार (21 सितंबर) को इस बारे में जानकारी दे दी है। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

ओवल और लॉर्ड्स में होंगे फाइनल- ज्यॉफ एलारडिस

ICC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज्यॉफ एलारडिस ने कहा, "हम ओवल में अगले साल के ICC विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल की मेजबानी करने के लिए खुश हैं, जिसमें इतनी समृद्ध विरासत और एक अद्भुत इतिहास रहा है। इसके बाद हम लॉर्ड्स में 2025 का फाइनल खेलेंगे।" बता दें ओवल के मैदान में इससे पहले 2004 और 2017 में ICC पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला जा चुका है।

अंक तालिका

ऐसी है टीमों की स्थिति

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम फिलहाल ICC WTC (2021-23) तालिका में 70 अंक प्रतिशत के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। वहीं दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान (60) पर मौजूद है। श्रीलंका (53.33) तीसरे स्थान पर है। तालिका में अगली तीन टीमें क्रमशः भारत (52.08), पाकिस्तान (51.85) और वेस्टइंडीज है। इंग्लैंड सातवें स्थान पर मौजूद है। वहीं न्यूजीलैंड (25.93) और बांग्लादेश (13.33) का अंतिम दो स्थानों पर कब्जा है। बता दें शीर्ष दो टीमों के बीच फाइनल खेला जाएगा।

जानकारी

WTC 2021-23 की अहम जानकारी

नौ पूर्ण सदस्य देश वर्तमान में WTC चक्र का हिस्सा हैं। यह चक्र 2021 से 2023 तक खेला जाएगा। मौजूदा चक्र पिछले साल इंग्लैंड और भारत के बीच टेस्ट सीरीज के साथ शुरू हुआ था और इसकी कट-ऑफ तिथि 31 मार्च, 2023 निर्धारित की गई है। WTC के अंतर्गत प्रत्येक देश को छह-छह सीरीज खेलनी है। प्रत्येक देश को तीन सीरीज अपने घर पर जबकि तीन सीरीज विदेशों में खेलनी है।

पहला चक्र

लॉर्ड्स से साउथहैम्पटन शिफ्ट हुआ था पहले चक्र का फाइनल

WTC के पहले चक्र का फाइनल मुकाबला साउथहैम्पटन में 2021 में खेला गया था, जिसमें न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर खिताब पर कब्जा किया था। पहले यह मुकाबला लॉर्ड्स में ही खेला जाना था, लेकिन कोरोना वायरस से पैदा हुए हालात की वजह से ICC को फाइनल का वेन्यू बदलना पड़ा था। दरअसल, साउथहैम्पटन स्टेडियम से जुड़ा हुआ एक होटल है, जहां खिलाड़ियों के रुकने और ट्रेनिंग की उचित व्यवस्था उपलब्ध थी।