Page Loader
IPL में किसी एक मैदान पर सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर
शुभमन गिल ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर पूरे किए 1,000 रन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL में किसी एक मैदान पर सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर

Mar 30, 2025
01:41 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 9वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह टूर्नामेंट के इतिहास में एक ही मैदान पर 1,000 रन बनाने वाले दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी बने हैं। गिल ने शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ यह कारनामा किया। यहां हम उन बल्लेबाजों के बारे में बता रहे हैं जिन्होंने सबसे कम पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है।

#1

क्रिस गेल - 19 पारी 

एक मैदान पर सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज है। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सिर्फ 19 पारियों में 1,000 रन पूरे किए थे। उन्होंने इस मैदान पर 45 मैचों में 41.07 की औसत और 159.93 की स्ट्राइक रेट से 1,561 रन बनाए हैं। गेल ने बेंगलुरु में 3 शतक भी लगाए, जिसमें 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 175* रन (8 अर्धशतक) भी शामिल है।

#2

शुभमन गिल - 20 पारी 

इस मामले में दूसरे पायदान पर गिल है, जिन्होंने केवल 20 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने IPL करियर में अहमदाबाद में 20 मैचों में 1,024 रन बनाए हैं। इसमें 3 शतक और 4 अर्धशतक शामिल है। यहां उनकी औसत 60.23 और स्ट्राइक रेट 160.25 की रही है। IPL 2023 में उन्होंने यहां अपने कुल 890 रनों में से 572 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और क्वालीफायर-2 में MI के खिलाफ 129 रन की पारी शामिल है।

#3

डेविड वार्नर - 22 पारी

इस मामले में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वार्नर तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 22 पारियों में अपने 1,000 रन पूरे किए थे। यह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का घरेलू मैदान भी है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने इस मैदान पर 32 मैचों में 64.92 की अविश्वसनीय औसत और 160.53 की स्ट्राइक रेट से 1,623 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतकों के अलावा 15 अर्धशतक भी जड़े हैं।