
टेस्ट क्रिकेट: इन भारतीय बल्लेबाजों ने सर्वाधिक देशों में बनाए हैं 1,000 से अधिक रन
क्या है खबर?
टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाज का किसी भी देश में खेलते हुए 1,000 रन बनाना एक उपलब्धि होता है। आम तौर पर सभी बल्लेबाज अपने देश में सर्वाधिक रन बनाने में सफल होते हैं। दरअसल, खिलाड़ी अपने घर पर ज्यादा मैच खेलते हैं और परिस्थितियों का लाभ उठाकर खूब रन बटोरते हैं। इस बीच उन भारतीय बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने भारत समेत सर्वाधिक देशों में 1,000 से अधिक रन बनाए हैं।
#1
सचिन तेंदुलकर (भारत, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका)
सचिन तेंदुलकर भारत समेत कुल 5 देशों में 1,000 से अधिक टेस्ट रन बना चुके थे। उन्होंने भारत में 52.67 की औसत के साथ सर्वाधिक 7,216 रन बनाए थे। दक्षिण अफ्रीका में उन्होंने 46.44 की औसत के साथ 1,161 रन अपने नाम किए थे। इंग्लैंड में खेलते हुए पूर्व दिग्गज ने 54.31 की औसत से 1,575 रन बनाए थे। तेंदुलकर ने श्रीलंका में 67.94 की औसत से 1,155 रन और ऑस्ट्रेलिया में 53.20 की औसत से 1,809 रन बनाए थे।
#2
सुनील गावस्कर (भारत, इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज)
सुनील गावस्कर टेस्ट क्रिकेट में सबसे पहले 10,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने भारत में 50.16 की औसत के साथ 5,067 रन बनाए थे, जिसमें 16 शतक शामिल थे। उन्होंने इंग्लैंड में 41.14 की औसत के साथ 1,152 रन बनाए, जिसमें 2 शतक शामिल थे। पाकिस्तान में खेलते हुए उन्होंने 19 पारियों में 58.88 की औसत के साथ 1,001 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज में गावस्कर ने 24 पारियों में 70.20 की औसत से 1,404 रन बनाए थे।
#3
राहुल द्रविड़ (भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज)
राहुल द्रविड़ का विदेशों में (विपक्षीय टीम के घर पर) 53.03 का औसत रहा था। उन्होंने इंग्लैंड में 23 पारियों में 68.80 की औसत के साथ 1,376 रन बनाए थे, जिसमें 6 शतक शामिल थे। ऑस्ट्रेलिया में इस पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने 41.64 की औसत से 1,166 रन अपने नाम किए थे। वेस्टइंडीज में उन्होंने 65.69 की औसत के साथ 1,511 रन बनाए थे। द्रविड़ ने भारत में 51.35 की औसत से 5,598 रन अपने नाम किए थे।
#4
वीवीएस लक्ष्मण (भारत, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज)
वीवीएस लक्ष्मण ने भारत, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज में 1,000 से अधिक रन बनाए थे। इस टेस्ट विशेषज्ञ बल्लेबाज ने भारत में 57 टेस्ट में 51.60 की औसत से 3,767 रन अपने नाम किए थे। उन्होंने भारत में 8 शतक और 24 अर्धशतक लगाए थे। ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने 29 पारियों में 44.14 की औसत से 1,236 रन बनाए थे, जिसमें 4 शतक शामिल थे। वेस्टइंडीज में खेलते हुए उन्होंने 27 पारियों में 47.75 की औसत से 1,146 रन बनाए थे।
#5
विराट कोहली (भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड)
विराट कोहली ने अपने बेमिसाल टेस्ट करियर का अंत 9,230 रन के साथ किया था। इस प्रारूप को अलविदा कह चुके दिग्गज ने भारत में 87 पारियों में 55.58 की औसत के साथ 4,336 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 14 शतक और 13 अर्धशतक लगाए थे। ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने 34 पारियों में बल्लेबाजी की थी, जिसमें 46.72 की औसत से 1,542 रन बनाए थे। इंग्लैंड में कोहली ने 33 पारियों में 33.21 की औसत से 1,096 रन बनाए थे।