
टेस्ट क्रिकेट: अपने देश में खेलते हुए इन बल्लेबाजों ने लगाए हैं सर्वाधिक शतक
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ ओवल टेस्ट की अपनी दूसरी पारी में शतक लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 39वां शतक रहा। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में यह उनके बल्ले से निकलने वाली तीसरी शतकीय पारी रही। इसके साथ ही वह घरेलू टेस्ट मैचों में खेलते हुए सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। आइए इस विशेष सूची के बारे में जानते हैं।
#1
जो रूट (24 शतक)
रूट ने अपने घर पर खेलते हुए 24 टेस्ट शतक लगाए हैं। उन्होंने इंग्लैंड में 84 मैचों की 147 पारियों में 55.52 की औसत के साथ 7,329 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 24 टेस्ट शतक के अलावा 33 अर्धशतक भी लगाए। विदेशों में उन्होंने 71 टेस्ट खेले, जिसमें 46.66 की औसत के साथ 5,927 रन बनाए। तटस्थ मैदानों पर उन्होंने 3 मैचों में 57.40 की औसत के साथ 287 रन बनाए।
जानकारी
चौथे सर्वाधिक टेस्ट शतक वाले बल्लेबाज बने रूट
रूट अब टेस्ट क्रिकेट में चौथे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के पूर्व दिग्गज कुमार संगाकारा (38) को पीछे छोड़ा है। उनसे आगे सचिन तेंदुलकर (51), जैक्स कैलिस (45) और रिकी पोंटिंग (41) हैं।
#2
महेला जयवर्धने (23 शतक)
महेला जयवर्धने ने श्रीलंका में 23 टेस्ट शतक लगाए थे। उन्होंने अपने देश में कुल 81 टेस्ट खेले थे, जिसमें 59.72 की औसत के साथ 7,167 रन बनाए थे। विदेशों में उन्होंने 10 शतक और तटस्थ मैदानों पर 1 शतक लगाया थे। जयवर्धने ने अपने टेस्ट करियर में 149 मैचों में श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें उन्होंने लगभग 50 की औसत से 11,814 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 34 शतक और 50 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं।
#3
रिकी पोंटिंग (23 शतक)
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने अपने देश में 92 टेस्ट खेले थे, जिसमें 56.97 की उम्दा औसत के साथ 7,578 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 23 शतक और 38 अर्धशतक लगाए थे। पोंटिंग अभी भी टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने 168 टेस्ट मैचों में 13,378 रन बनाए हैं, जिसमें 41 शतक और 62 अर्द्धशतक शामिल हैं।
#4
जैक्स कैलिस (23 शतक)
विश्व क्रिकेट के सबसे सफल ऑलराउंडर में शुमार रहे जैक्स कैलिस भी इस सूची का हिस्सा हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में खेलते हुए 23 शतक जड़े थे। उन्होंने अपने घर पर खेलते हुए 88 टेस्ट की 143 पारियों में 56.73 की औसत के साथ 7,035 रन बनाए थे। उन्होंने 34 अर्धशतक भी लगाए थे। अपने टेस्ट करियर में उन्होंने 224 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ कुल 45 शतक लगाए थे।