
रोहित शर्मा द्वारा टेस्ट क्रिकेट में बनाए गए बड़े रिकॉर्ड्स पर एक नजर
क्या है खबर?
टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके रोहित शर्मा ने अपने करियर में कई यादगार रिकॉर्ड बनाए हैं।
सलामी बल्लेबाज के रूप में उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम को कई मौकों पर मजबूत शुरुआत दी और मुश्किल हालात में मैच का रुख पलटा।
उनके बल्ले से निकली शानदार पारियों ने उन्हें टेस्ट क्रिकेट के बेहतरीन खिलाड़ियों में शामिल किया। अब जब उन्होंने संन्यास ले लिया है, तो एक नजर उनके शानदार और ऐतिहासिक टेस्ट रिकॉर्ड्स पर डाल लेते हैं।
#1
रोहित ने टेस्ट में जड़े 12 शतक, कभी नहीं हारा भारत
रोहित ने अपने टेस्ट करियर में कुल 12 शतक लगाए हैं और खास बात यह है कि इन सभी मुकाबलों में भारतीय टीम को जीत मिली है।
वह दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिनके 10 से ज्यादा शतकों के सभी मैच उनकी टीम ने जीते।
उनके अलावा वारविक आर्मस्ट्रॉन्ग (6 शतक) और डैरेन लेहमन (5 शतक) ने अपने टेस्ट करियर में 5 या उससे ज्यादा शतक लगाए और हर बार उनकी टीम विजयी रही। यह एक दुर्लभ उपलब्धि है।
#2
पहले 3 WTC चक्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन
रोहित विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के पहले 3 चक्रों (2019-21, 2021-23 और 2023-25) को मिलाकर भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
उन्होंने 40 टेस्ट मैचों में 41.15 की शानदार औसत के साथ 2,716 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 9 शतक और 8 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 212 रन रहा है।
विराट कोहली 2,617 रन के साथ सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 46 टेस्ट में ये रन बनाए हैं।
#3
एक टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
रोहित एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने साल 2019 में विशाखापट्टनम टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 13 छक्के जड़े थे।
इस सूची में दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के वसीम अकरम हैं, जिन्होंने 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 12 छक्के लगाए थे।
तीसरे स्थान पर यशस्वी जायसवाल हैं, जिन्होंने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट की दोनों पारियों में 12 छक्के लगाए और अकरम के रिकॉर्ड की बराबरी की।
#4
भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज
रोहित भारत के लिए टेस्ट में दूसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। वीरेंद्र सहवाग 91 छक्कों के साथ पहले स्थान पर हैं। रोहित ने अपने टेस्ट करियर में 88 छक्के लगाए हैं।
इस सूची में पहले स्थान पर बेन स्टोक्स हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 133 छक्के लगाए हैं। ब्रेंडन मैकुलम 107 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। एडम गिलक्रिस्ट के टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के हैं।