
टेस्ट क्रिकेट: इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
क्या है खबर?
टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड हमेशा से विदेशी बल्लेबाजों के लिए एक कठिन जगह रही है। ड्यूक्स गेंद स्विंग गेंदबाजों के अनुकूल होती है और बादल होने पर स्थितियां और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती है।
हालांकि, कुछ भारतीय बल्लेबाज इंग्लिश धरती पर यादगार प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम 20 जून से हेडिंग्ले में 5 टेस्ट मैचाें की सीरीज का पहला मुकाबला खेलने उतरेगी।
उससे पहले इंग्लैंड में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डाल लेते हैं।
#1
सचिन तेंदुलकर - 1,575 रन
इंग्लैंड की धरती पर सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर शीर्ष पर हैं।
उन्होंने इंग्लैंड में 17 मैचों की 30 पारियों में 54.31 की औसत से 1,575 रन बनाए हैं। इसमें 4 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं।
उनके नाम इंग्लैंड में भारत के तीसरे सर्वोच्च व्यक्तिगत टेस्ट स्कोर का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने साल 2002 में लीड्स में खेले गए टेस्ट मैच में 330 गेंदों पर 193 रन की शानदार पारी खेली थी।
#2
राहुल द्रविड़ - 1,376 रन
इस सूची में राहुल द्रविड दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 1996 से 2011 के बीच इंग्लैंड में 13 मैचों की 23 पारियों में 68.80 की शानदार औसत से 1,376 रन बनाए हैं।
उनकी औसत भारत के अलावा किसी अन्य देश (10 से अधिक मैच) में दूसरी सर्वश्रेष्ठ है।
उन्होंने इंग्लैंड में 6 शतक और 4 अर्द्धशतक बनाए हैं, जबकि किसी अन्य भारतीय के नाम 5 शतक भी नहीं हैं। द्रविड़ के 3 शतक 2011 के इंग्लैंड दौरे पर आए थे।
#3
सुनील गावस्कर - 1,152 रन
महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर इस सूची में तीसरे नंबर पर है। वह इंग्लैंड में 1,000 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले भारतीय थे।
उन्होंने इंग्लैंड में 16 मैचों की 28 पारियों में 41.14 की औसत से 1,152 रन बनाए हैं। उनके नाम 2 शतक और 8 अर्धशतक दर्ज हैं।
गावस्कर इंग्लिश धरती पर चौथी पारी में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के मालिक हैं, जिन्होंने 1979 ओवल टेस्ट में 221 रन की पारी खेली थी। यह रिकॉर्ड आज भी कायम है।
#4
विराट कोहली - 1,096 रन
हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले विराट कोहली इस सूची में चौथे नंबर पर हैं।
इंग्लैंड में उन्होंने 17 मैचों की 33 पारियों में 33.21 की औसत से 1,096 रन बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 5 अर्द्धशतक शामिल हैं।
साल 2014 में वह 10 पारियों में 13.4 की औसत से 134 रन बनाने में सफल रहे थे। हालांकि, 2018 में उन्होंने 59.30 की औसत से 593 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक थे।