Page Loader
टी-20 विश्व कप: पॉवरप्ले में इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 
रोहित शर्मा ने पॉवरप्ले में कई बार कमाल किया है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप: पॉवरप्ले में इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 

May 08, 2024
12:35 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 का आगाज 1 जून से होने जा रहा है। इसका आयोजन वेस्टइंडीज और USA में होगा। इस विश्व कप में बल्लेबाजों की असली परीक्षा होगी। वेस्टइंडीज की पिच काफी धीमी होती है, ऐसे में वहां रन बनाना थोड़ा मुश्किल होगा। बल्लेबाजी करने वाली टीम पॉवरप्ले के दौरान तेजी से रन बनाने को देखेगी। ऐसे में आइए टी-20 विश्व कप में पॉवरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

रोहित शर्मा- 379 रन 

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा टी-20 विश्व कप के इतिहास में पॉवरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस भारतीय सलामी बल्लेबाज ने 23 पारियों में 31.58 की औसत से 379 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 123.45 की रही है। उनके बल्ले से 15 छक्के और 41 चौके निकले हैं। पॉवरप्ले के दौरान टी-20 विश्व कप में रोहित 12 बार पवेलियन भी लौटे हैं।

#2

डेविड वार्नर 

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर पिछले कई विश्व कप में कंगारू टीम के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। साल 2021 के टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी का प्रदर्शन कमाल का रहा था। उन्होंने 289 रन बनाए थे, जो किसी भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज द्वारा एक टी-20 विश्व कप में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर था। वार्नर ने पॉवरप्ले के दौरान 23 पारियों में 345 रन बनाए हैं। उनकी औसत 24.64 की रही है।

#3

एलेक्स हेल्स 

इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स का बल्ला भी टी-20 विश्व कप में खूब चला है। पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वह तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 332 रन बनाए हैं और इस दौरान शुरुआती 6 ओवर में उनकी स्ट्राइक रेट 140.08 की रही है। टी-20 विश्व कप में इस दौरान 9 बार पवेलियन भी लौटे हैं। वह साल 2022 में चैंपियन बनी इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सदस्य भी रहे थे।

#4

मार्टिन गप्टिल

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल इस मामले में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप के दौरान पॉवरप्ले में 329 रन बनाए हैं। पहले 6 ओवर के दौरान वह 19 पारियों में 11 बार आउट भी हुए हैं। उनकी औसत 29.90 की रही और उन्होंने 114.23 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। टी-20 विश्व कप के पॉवरप्ले में इस खिलाड़ी ने 152 डॉट गेंदें भी खेली हैं।