Page Loader
टी-20 विश्व कप: अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम, शेड्यूल और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम

टी-20 विश्व कप: अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम, शेड्यूल और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

Oct 18, 2021
11:45 am

क्या है खबर?

बीते रविवार से टी-20 विश्व कप की शुरुआत हो चुकी है। इस समय पहले राउंड के मुकाबले खेले जा रहे हैं। वहीं 23 अक्टूबर से सुपर-12 चरण के मुकाबलों की शुरुआत होनी है। विश्व कप में अफगानिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 25 अक्टूबर को करेगा। इस बार मोहम्मद नबी की कप्तानी में टीम अपनी चुनौती पेश करेगी। विश्व कप में अफगानिस्तान की टीम, शेड्यूल और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पर नजर डालते हैं।

कार्यक्रम

ऐसा है अफगानिस्तान का कार्यक्रम

25 अक्टूबर: अफगानिस्तान बनाम B1 29 अक्टूबर:अफगानिस्तान बनाम पाकिस्तान 31 अक्टूबर: अफगानिस्तान बनाम A2 03 नवंबर: अफगानिस्तान बनाम भारत 07 नवंबर: अफगानिस्तान बनाम न्यूजीलैंड टी-20 विश्व कप में सुपर-12 के मुकाबले शुरू होने से पहले ग्रुप स्टेज (राउंड-1) के मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिसमें दो ग्रुप में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं। ग्रुप-A में दूसरे और ग्रुप-B में पहले नंबर पर रहने वाली टीम सुपर-12 के ग्रुप-2 में शामिल होंगी।

जानकारी

विश्व कप के लिए अफगानिस्तान की टीम

मोहम्मद नबी (कप्तान), रहमानुल्ला गुरबाज, हजरतुल्लाह जजई, उस्मान गनी, मोहम्मद शहजाद, हशमतुल्ला शाहिदी, असगर अफगान, गुलबदीन नायब, नजीबुल्लाह जादरान, करीम जानत, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, हामिद हसन, फरीद अहमद मलिक और नवीन उल हक। रिजर्व: शराफुद्दीन अशरफ, समीउल्लाह शिनवारी, दौलत जादरान और फजल फारूकी।

लेखा-जोखा

उलटफेर के इरादे से विश्व कप में उतरेगा अफगानिस्तान

अफगानिस्तान ने सुपर-12 चरण में सीधे प्रवेश करने में सफलता हासिल की है। मोहम्मद नबी और राशिद खान जैसे स्टार खिलाड़ियों के साथ अफगानिस्तान बड़ी टीमों के खिलाफ उलटफेर कर सकती है। इस साल अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली इकलौती टी-20 सीरीज को 3-0 से जीता है। अफगानिस्तान की टीम 2016 में हुए विश्व कप के सुपर-10 तक पहुंच सकी थी। उन्होंने 2016 में पहले राउंड के अपने तीनों मैच जीते थे।

कप्तानी

विश्व कप में मोहम्मद नबी करेंगे कप्तानी

टी-20 विश्व कप में अफगानिस्तान टीम की कमान स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नबी संभालते हुए नजर आएंगे। बीते महीने जब विश्व कप के लिए अफगानिस्तान की टीम घोषित की गई थी, तब राशिद खान ने टी-20 टीम की कप्तानी के पद को छोड़ दिया था। टीम घोषित होते ही राशिद ने ट्विटर पर बयान जारी करते हुए बताया था कि उन्हें टीम चयन में शामिल नहीं किया गया और वह कप्तानी छोड़ रहे हैं।

एंडी फ्लावर

एंडी फ्लावर बने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के सलाहकार

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एंडी फ्लावर को हाल ही में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का सलाहकार नियुक्त किया गया है। उन्हें ये जिम्मेदारी आगामी टी-20 विश्व कप के लिए दी गई है। बता दें फ्लॉवर का कोचिंग कार्यकाल अच्छा रहा है। वह 2009 से 2014 तक इंग्लैंड टीम की कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे। उनके कार्यकाल के दौरान इंग्लिश टीम ने टी-20 विश्व कप (2010) जीता था।