टी-20 विश्व कप इतिहास में कब-कब खराब रहा न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का प्रदर्शन?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2024 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम सुपर-8 की दौड़ से बाहर हो चुकी है।
दरअसल, ग्रुप-C से वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने अगले दौर में जगह बनाने में सफलता हासिल की है और परिणाम स्वरूप केन विलियमसन की अगुआई वाली कीवी टीम पहले दौर से ही बाहर हुई है।
इस बीच टी-20 विश्व कप के इतिहास में न्यूजीलैंड के खराब अभियानों पर एक नजर डालते हैं।
#1
2024: ग्रुप स्टेज से ही बाहर हुआ न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड ने अपने पहले मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ 84 रन से जीत दर्ज की थी।
वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अगले मुकाबले में कीवी टीम को 13 रन से हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद न्यूजीलैंड ने युगांडा को हराया, लेकिन सुपर-8 के लिए क्वालीफाई करने की उनकी संभावनाएं पहले ही खत्म हो चुकी थीं।
दिलचस्प बात यह है कि यह पहली बार है जब न्यूजीलैंड को टी-20 विश्व कप में ग्रुप स्टेज से बाहर होना पड़ा है।
#2
2009: सुपर-8 में लड़खड़ा गई थी कीवी टीम
न्यूजीलैंड की टीम 2007 में खेले गए पहले टी-20 विश्व कप संस्करण में सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई थी।
हालांकि, 2009 में खेले गए अगले संस्करण (2009) में टीम सुपर-8 चरण में लड़खड़ा गई थी।
सुपर-8 के अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड ने आयरलैंड क्रिकेट टीम को 83 रन से हराया था।
इसके बाद पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ अगले 2 मैचों में कीवी टीम को शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
#3
2010 और 2012: सुपर-8 से आगे नहीं बढ़ पाया था न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड ने 2010 और 2012 के संस्करणों में भी इसी तरह के अभियान का सामना किया था।
2010 में उन्होंने सुपर-8 में पहुंचने के लिए लगातार 2 मुकाबले जीते थे। हालांकि, सुपर-8 में 2 हार के बाद उनका अभियान समाप्त हो गया था।
श्रीलंका में खेले गए 2012 के संस्करण में भी न्यूजीलैंड की टीम दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाई थी। सुपर-8 में कीवी टीम को वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और श्रीलंका से हार मिली थी।
2014
2014 में भी कमाल नहीं कर पाई थी न्यूजीलैंड की टीम
2014 के संस्करण में न्यूजीलैंड अपने पहले मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ डक वर्थ लुईस (DLS) नियम की मदद से 9 रन से जीत दर्ज की थी।
अपने दूसरे मैच में उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2 रन से शिकस्त मिली थी।
इसके बाद न्यूजीलैंड ने नीदरलैंड को हराया था। अपने आखिरी ग्रुप मैच में न्यूजीलैंड को श्रीलंका से हार मिली थी।
कीवी टीम तीसरे स्थान पर रही थी और अगले दौर में जगह नहीं बना पाई थी।