भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: VCA स्टेडियम से जुड़े रोचक आंकड़े और खास जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का दूसरा मैच 24 सितंबर को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (VCA) में खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया ने पहला मैच चार विकेट से अपने नाम कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
विश्व स्तरीय सुविधाओं से युक्त इस स्टेडियम की गिनती भारत के सर्वश्रेष्ठ स्टेडियमों में होती है।
आइए आपको बताते हैं इस मैदान पर भारत के प्रदर्शन और खास आंकड़ों के बारे में।
इतिहास
33 एकड़ में फैला है VCA स्टेडियम
VCA स्टेडियम साल 2008 में बनकर तैयार हुआ था। इसकी दर्शक क्षमता लगभग 45,000 की है।
क्षेत्रफल (33 एकड़) की दृष्टि से यह भारत के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियमों से एक है। इस सीधी सीमा 80 गज की हैं और चौकोर सीमाएं 85 गज की हैं।
इसके मैदान पर अब तक छह टेस्ट मैच, नौ वनडे मैच और 12 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं।
VCA स्टेडियम में टी-20 में औसत स्कोर 151 रनों का है।
जानकारी
VCA स्टेडियम पर भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था पहला टेस्ट
VCA स्टेडियम पर पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला (टेस्ट मैच) भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 6-10 नवंबर, 2008 को खेला गया था।
यहां पहला वनडे मैच भारत और वेस्टइंडीज के बीच 28 अक्टूबर, 2008 को खेला गया था।
इस स्टेडियम पर पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच 9 दिसंबर, 2009 को खेला गया था।
टीम रिकॉर्ड
VCA में कैसा रहा भारत का टी-20 अंतरराष्ट्रीय में प्रदर्शन?
VCA स्टेडियम पर कुल 12 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम में इस स्टेडियम में अब तक कुल चार टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें से दो में टीम को जीत (इंग्लैंड, 2017 और बांग्लादेश, 2019) मिली है और दो में हार (श्रीलंका, 2009 और न्यूजीलैंड, 2016) का सामना करना पड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने इस स्टेडियम पर अब तक एक भी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।
आंकड़े
VCA में टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में बल्लेबाजी आंकड़े
VCA स्टेडियम में उच्चतम स्कोर 215/5 है, जिसे श्रीलंका ने भारत के खिलाफ (2009) बनाया था।
यहां का न्यूनतम स्कोर 79 है, जिसे भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ (2016) बनाया था।
यहां सबसे ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन केएल राहुल (123 रन, दो पारी) के नाम दर्ज हैं। राहुल ने यहां दोनों पारियों में अर्धशतक जमाए हैं।
इस मैदान पर दूसरा व्यक्तिगत उच्च स्कोर (71) राहुल के ही नाम दर्ज है। पहला बांग्लादेश के मोहम्मद नईम (81) के नाम दर्ज है।
गेंदबाजी आंकड़े
VCA में टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में गेंदबाजी आंकड़े
VCA स्टेडियम में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी और राशिद खान (आठ-आठ) ने लिए हैं।
भारत की ओर से दीपक चाहर (छह) सबसे आगे हैं। इसके बाद आशीष नेहरा (पांच) और शिवम दुबे (तीन) हैं।
इस मैदान पर सबसे ज्यादा कैच जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा (चार) ने लिए हैं। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे (दो-दो) सबसे आगे हैं।