Page Loader
स्टीव स्मिथ का भारत के खिलाफ टेस्ट में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 
भारत के खिलाफ जबरदस्त रहा है स्टीव स्मिथ का प्रदर्शन (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

स्टीव स्मिथ का भारत के खिलाफ टेस्ट में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 

Jan 31, 2023
08:47 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने के बाद अब ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम भारत दौरे के लिए तैयार है। ऑस्ट्रेलिया को भारतीय क्रिकेट टीम टीम के खिलाफ 9 फरवरी से बॉर्डर-गावस्कर सीरीज खेलनी है। इस टेस्ट सीरीज में स्टीव स्मिथ के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहने वाली हैं, जिनका भारत के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन रहा है। इस बीच स्मिथ का भारत के खिलाफ टेस्ट के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

 टेस्ट करियर 

बेमिसाल रहा है स्मिथ का टेस्ट करियर 

स्मिथ ने 2010 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। अपने एक दशक से ज्यादा लम्बे टेस्ट करियर में उन्होंने 92 टेस्ट मैचों में 60.89 की औसत से 8,647 रन बना लिए हैं। इस बीच वह 30 शतक और 37 अर्धशतक लगा चुके हैं। स्मिथ इस समय अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी पिछली टेस्ट सीरीज में 57.75 की औसत से 231 रन बनाए थे।

स्मिथ बनाम भारत 

भारत के खिलाफ जबरदस्त रहा है स्मिथ का प्रदर्शन 

स्मिथ को भारत के खिलाफ खेलना बेहद पसंद है। उन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ 14 टेस्ट खेल लिए हैं, जिसमें 72.58 की औसत से 1,742 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 192 के सर्वोच्च के साथ आठ शतक और पांच अर्धशतक लगाए हैं। वह भारत के खिलाफ चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई हैं। इस सूची में उनसे ज्यादा रन रिकी पोंटिंग (2,555), माइकल क्लार्क (2,049) और मैथ्यू हेडन (1,888) ने बनाए हैं।

आंकड़े 

स्मिथ ने भारत में 60 की औसत से बनाए हैं रन 

33 वर्षीय स्मिथ को टेस्ट में भारतीय परिस्थितियां बेहद पसंद आती है। उन्होंने भारत में अब तक छह टेस्ट खेल लिए हैं, जिसमें 60.00 की औसत से 660 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने तीन शतक और एक अर्धशतक अपने नाम किए हैं। वहीं एशिया में खेलते हुए स्मिथ ने 50.87 की औसत से 1,577 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने पांच शतक और आठ अर्धशतक लगाए हैं।

रिकॉर्ड्स 

टेस्ट सीरीज में ये रिकॉर्ड्स बना सकते हैं स्मिथ 

स्मिथ के पास अपने टेस्ट करियर में 9,000 रन पूरा करने का मौका होगा। वह इस आंकड़े को छूने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई बन सकते हैं। इस बीच उनके पास रनों के मामले में एबी डिविलियर्स, वीवीएस लक्ष्मण, इंजमाम-उल-हक, जावेद मियांदाद और ग्राहम गूच को पीछे छोड़ सकते हैं। स्मिथ ने टेस्ट में 30 शतक लगा लिए हैं। वह दो शतक और लगाकर स्टीव वॉ (32) की बराबरी कर सकते हैं।