स्टीव स्मिथ 11,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बने, बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट के दौरान अहम उपलब्धि हासिल की। सेंट जॉर्ज पार्क स्टेडियम में स्मिथ ने अपनी पहली पारी में 28वां रन बनाते ही टेस्ट क्रिकेट करियर में अपने 11,000 रन पूरे किए। वह इस बेमिसाल आंकड़े को छूने वाले विश्व के कुल 12वें बल्लेबाज बने। आइए टेस्ट प्रारूप के उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
सूची
स्मिथ 11,000 टेस्ट रन वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बने
स्मिथ अब रिकी पोंटिंग और एलन बॉर्डर के बाद 11,000 टेस्ट रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने।
बता दें कि पोंटिंग ने 51.85 की औसत से 13,378 रन बनाए थे, जबकि बॉर्डर ने 50.56 की औसत से 11,174 रन के साथ करियर समाप्त किया था।
विश्व के बल्लेबाजों की बात करें तो सचिन तेंदुलकर, जो रूट, जैक्स कैलिस, राहुल द्रविड़, एलिस्टर कुक, कुमार संगाकारा, ब्रायन लारा, शिवनारायण चंद्रपॉल, और महेला जयवर्धने भी 11,000+ रन बना चुके थे।
आंकड़े
स्मिथ ने पारियों के लिहाज से 5वें सबसे तेज 11,000 टेस्ट रन पूरे किए
स्मिथ ने अपनी 226 पारियों में 11,000 टेस्ट रन आंकड़ा छूआ।
वह अब पारियों के लिहाज से 5वें सबसे तेज इस आंकड़े को छूने वाले बल्लेबाज बने।
क्रिकइंफो के मुताबिक, संगाकारा (208), लारा (213), पोंटिंग (222) और तेंदुलकर (223) ही उनसे तेज ये कारनामा कर चुके थे।
सक्रिय बल्लेबाजों में स्मिथ फिलहाल दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इस सूची में उनसे ज्यादा रन सिर्फ रूट (14,278) ने बनाए हुए हैं।
आंकड़े
स्मिथ ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने 1,000 टेस्ट रन पूरे किए
क्रिकबज के मुताबिक, स्मिथ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1,000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले नौवें ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने हैं।
इस टीम के खिलाफ उन्होंने अब तक 15 टेस्ट की 26 पारियों में 1,000+ रन बनाए हैं।
इंग्लैंड (3,703), भारत (2,356) और पाकिस्तान (1,175) के बाद, यह चौथी ऐसी टीम है जिसके खिलाफ उन्होंने 1,000+ रन बनाए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ (999) रन बनाए हुए हैं।
करियर
बेमिसाल है स्टीव स्मिथ का टेस्ट करियर
स्मिथ ने अपने टेस्ट करियर का आगाज पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 2010 में किया था।
वह अब तक 127 मैचों की 226 पारियों में लगभग 55 की औसत से 11,000 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने 37 शतक और 45 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 239 रन का रहा है। वह 11 बार शून्य पर भी आउट हुए हैं।
उन्होंने अपने करियर में सर्वाधिक रन इंग्लैंड के खिलाफ बनाए हैं।