Page Loader
श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड: पहले वनडे मुकाबले की ड्रीम इलेवन, प्रीव्यू और अहम आंकड़े 
न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच पहला वनडे शनिवार को खेला जाएगा (तस्वीर: ट्विटर/@icc)

श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड: पहले वनडे मुकाबले की ड्रीम इलेवन, प्रीव्यू और अहम आंकड़े 

Mar 24, 2023
11:20 am

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच 25 मार्च (शनिवार) को पहला वनडे मुकाबला खेला जाएगा। 3 मैचों के इस वनडे सीरीज के मुकाबले ऑकलैंड, क्राइस्टचर्च और हैमिल्टन में खेले जाएंगे। टेस्ट सीरीज में श्रीलंका का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और वह 2-0 से सीरीज हार गए थे। श्रीलंका ने न्यूजीलैंड की सरजमीं पर आखिरी बार वनडे सीरीज साल 2001 में जीती थी। आइए दोनों टीमों के आंकड़े और बड़े रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

टीम

युवा खिलाड़ियों के साथ उतरेगी न्यूजीलैंड

पहले वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम युवा खिलाड़ियों के साथ उतरेगी। केन विलियमसन और टिम साउथी जैसे अनुभवी खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खेलने के कारण सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। टॉम लैथम टीम की कप्तानी करेंगे। चाड बोवेस और रचिन रवींद्र वनडे क्रिकेट में अपना डेब्यू भी कर सकते हैं। संभावित एकादश: फिन एलन, चाड बोवेस, विल यंग, डेरिल मिशेल, टॉम लैथम (विकेटकीपर और कप्तान), ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, बेन लिस्टर, हेनरी शिपले, मैट हेनरी और ईश सोढ़ी

श्रीलंका 

इस टीम के साथ उतर सकती है श्रीलंका 

श्रीलंका क्रिकेट टीम वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी। टीम के पास एंजेलो मैथ्यूज जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं जो अपने दम पर कोई भी मैच बदल सकते हैं। दसुन शनाका टीम के कप्तान होंगे और वह इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। संभावित एकादश: पथुम निसांका, नुवानिडु फर्नांडो, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरित असलंका, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजय डी सिल्वा, दसुन शनाका (कप्तान), वनिंदु हसरंगा, लाहिरू कुमारा, कसुन राजिथा और महेश तीक्षाना।

हेड टू हेड

न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच रही है कांटे की टक्कर 

न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच अब तक 99 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। न्यूजीलैंड की टीम को 49 मैच में जीत मिली है, जबकि श्रीलंका ने 41 मैच जीते हैं। 1 मैच टाई रहा है और 8 मैच बेनतीजा रहे हैं। न्यूजीलैंड की सरजमीं पर दोनों टीमों के बीच 43 वनडे मैच खेले गए हैं। न्यूजीलैंड को 28 मैच में जीत हासिल हुई है। श्रीलंका को 12 मैच में जीत मिली है। इस बीच 3 मैच बेनतीजा भी रहे हैं।

रिकॉर्ड

मैच में बन सकते हैं ये रिकॉर्ड

मैथ्यूज वनडे क्रिकेट में 6,000 रन पूरे करने के करीब हैं। उन्हें इसके लिए 165 रन बनाने होंगे। वह ऐसा करने वाले श्रीलंका के 9वें बल्लेबाज होंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैथ्यूज 500 रनों का आंकड़ा भी छू सकते हैं। इसके लिए उन्हें 36 रन और चाहिए। टॉम लैथम (3,467) वनडे में 3,500 रन बनाने वाले 13वें कीवी बल्लेबाज बन सकते हैं। श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज अविष्का फर्नांडो 10 रन बनाते ही वनडे क्रिकेट में 1,000 रनों का आंकड़ा छू लेंगे।

ड्रीम इलेवन

हमारी बेस्ट ड्रीम इलेवन और टीवी इंफो 

विकेटकीपर: टॉम लैथम (कप्तान), कुसल मेंडिस। बल्लेबाज: पथुम निसांका, एंजेलो मैथ्यूज और ग्लेन फिलिप्स। ऑलराउंडर्स: वनिंदु हसरंगा, दसुन शनाका और डेरिल मिशेल। गेंदबाज: महेश तीक्षाना, मैट हेनरी और ईश सोढ़ी (उपकप्तान)। श्रीलंका और न्यूजीलैंड टीम के बीच होने वाला यह मैच 25 मार्च (शनिवार) को ईडन पार्क ऑकलैंड में खेला जाएगा। इस मैच को भारतीय समयानुसार सुबह 6:30 बजे से अमेजन प्राइम वीडियो पर लाइव देखा जा सकता है।