Page Loader
श्रीलंका बनाम भारत: टी-20 अंतरराष्ट्रीय में की गई सबसे बड़ी साझेदारियों पर एक नजर 
केएल राहुल और रोहित शर्मा के नाम सबसे बड़ी साझेदारी है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

श्रीलंका बनाम भारत: टी-20 अंतरराष्ट्रीय में की गई सबसे बड़ी साझेदारियों पर एक नजर 

Jul 24, 2024
05:44 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज 27 जुलाई से होने वाला है। भारतीय टीम के नए कप्तान सूर्यकुमार यादव होंगे और कोच की भूमिका में गौतम गंभीर नजर आएंगे। इस सीरीज में श्रीलंका भी अपने नए कप्तान चरित असलांका के साथ उतरेगी। इस बीच दोनों टीमों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय में की गई सबसे बड़ी साझेदारी पर नजर डाल लेते हैं।

#1

रोहित शर्मा और केएल राहुल- 165 रन 

साल 2017 में श्रीलंका भारत के दौरे पर आई थी। टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला इंदौर में खेला गया था। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 260 रन बनाए थे। रोहित शर्मा और केएल राहुल के बीच पहले विकेट के लिए 165 रन की साझेदारी हुई थी। रोहित ने 43 गेंद में 118 रन बनाए थे। राहुल ने 49 गेंद में 89 रन की पारी खेली थी। श्रीलंका की टीम 172 रन ही बना पाई थी।

#2

विराट कोहली और मनीष पांडे- 119 रन

सूची में दूसरे स्थान पर विराट कोहली और मनीष पांडे हैं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए साल 2017 में 119 रन जोड़े थे। कोलंबो में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 7 विकेट खोकर 170 रन बनाए थे। दिलशान मुनावीरा ने 53 रन जड़ दिए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 3 विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया था। कोहली ने 82 रन की पारी खेली थी। पांडे के बल्ले से 51 रन निकले थे।

#3

रोहित शर्मा और ईशान किशन- 111 रन

साल 2022 के फरवरी महीने में श्रीलंका और भारत के बीच लखनऊ के मैदान पर टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 199/2 का स्कोर बनाया था। सलामी बल्लेबाज रोहित और ईशान किशन ने 11.5 ओवर में 111 रन जोड़ दिए थे। रोहित के बल्ले से 44 रन निकले थे। ईशान ने उस मुकाबले में 56 गेंद में 89 रन बना दिए थे। श्रीलंका दूसरी पारी में 137/6 का स्कोर ही बना पाई थी।

#4

शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव- 111 रन 

साल 2023 में श्रीलंका भारत के दौरे पर आई थी। सीरीज का तीसरा टी-20 मुकाबला राजकोट में खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए थे। शुभमन गिल और सूर्यकुमार ने तीसरे विकेट के लिए 111 रन जोड़ दिए थे। गिल ने उस मुकाबले में 46 रन की पारी खेली थी। वहीं, सूर्यकुमार ने 112 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी। श्रीलंका की टीम 137 रन पर ऑलआउट हो गई थी।