Loading...
कोलंबो टेस्ट: भारत ने पहली पारी में बनाए 503 रन, ऐसा रहा दूसरा दिन
जुरेल ने खेली उम्दा पारी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

कोलंबो टेस्ट: भारत ने पहली पारी में बनाए 503 रन, ऐसा रहा दूसरा दिन

Aug 24, 2026
05:53 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ भारतीय क्रिकेट टीम ने कोलंबो टेस्ट में अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की। भारत से देवदत्त पडिक्कल (117) के अलावा ध्रुव जुरेल (115*) ने भी शतक लगाया। वहीं, ऋषभ पंत ने 63 रन की पारी खेली। दूसरे दिन के खेल की समाप्ति तक श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 8 रन तक अपने 2 विकेट खोए हैं। दूसरे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।

बल्लेबाजी 

ऐसी रही भारतीय पारी  

कल के स्कोर 300/5 से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम को आज सारांश जैन के रूप में झटका लगा।

अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे सारांश 6 रन बनाकर 307 के टीम स्कोर पर आउट हुए।

उनके बाद मानव सुथार ने 51 गेंदों का सामना करते हुए 18 रन बनाए और जुरेल के साथ 39 रन की साझेदारी की।

निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ निरंतर रन बनाते हुए जुरेल ने शतक लगाया और टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।

जुरेल

जुरेल ने अपने टेस्ट करियर का लगाया दूसरा शतक 

भारत ने जब 296 रन के स्कोर पर अपना 5वां विकेट खोया था, तब जुरेल क्रीज पर आए।

सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में उन्होंने टिककर बल्लेबाजी करते हुए 97 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने पंत के साथ 112 रन की साझेदारी की।

पंत 89 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 63 रन बनाए।

उम्दा लय में बल्लेबाजी करते हुए जुरेल ने दूसरे दिन अपना शतक पूरा किया। वह 115 रन बनाकर नाबाद रहे।

ADVERTISEMENT

रिकॉर्ड्स 

जुरेल ने बनाए ये रिकॉर्ड्स

श्रीलंका में भारत के लिए नंबर-7 या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट शतक लगाने वाले जुरेल दूसरे बल्लेबाज हैं।

उनसे पहले हार्दिक पांड्या (2017 में पल्लेकेले में 108 रन) ने ऐसा किया था।

भारत के लिए टेस्ट में नंबर-7 या उससे नीचे के क्रम पर आखिरी शतक दिसंबर 2024 में नीतीश कुमार रेड्डी ने मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (114 रन) लगाया था।

ADVERTISEMENT

गेंदबाजी 

श्रीलंका से असिथा फर्नांडो ने लिए 4 विकेट 

श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो सबसे सफल गेंदबाज रहे। इस तेज गेंदबाज ने 106 रन देते हुए 4 विकेट लिए, जिसमें जायसवाल, गिल और जडेजा जैसे प्रमुख विकेट शामिल रहे।

अनुभवी स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने 32 ओवर में 142 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की।

केशरा नूवांथा सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने 154 रन देते हुए 2 विकेट चटकाए।

लाहिरू कुमार के हिस्से में एक सफलता आई।

श्रीलंका 

श्रीलंका की रही खराब शुरुआत 

दूसरे दिन के खेल की समाप्ति से कुछ मिनट पहले ही श्रीलंका को बल्लेबाजी का मौका मिला।

इस सीमित अंतराल में ही मेजबान टीम ने अपने 2 विकेट गंवा दिए।

पारी की शुरुआत करने आए लाहिरू उदारा सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने उदारा का बेहतरीन कैच पकड़ा।

इसके बाद बतौर नाइटवॉचमैन आए प्रभात जयसूर्या (2) को मानव सुथार ने आउट किया।

क्रीज पर फिलहाल कामिल मिसारा (5*) मौजूद हैं।

ADVERTISEMENT