
श्रीलंका बनाम बांग्लादेश: चरिथ असलंका ने वनडे करियर में अपना 5वां शतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान चरिथ असलंका ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में बेहतरीन शतकीय पारी (106) खेली। यह उनके वनडे करियर का कुल 5वां और बांग्लादेश के विरुद्ध दूसरा शतक रहा। इस बीच उन्होंने कुसल मेंडिस के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन और 5वें विकेट के लिए जेनिथ लियानागे के साथ 64 रन की साझेदारियां भी निभाई। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही असलंका की पारी
श्रीलंका ने जब 29 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब असलंका क्रीज पर आए। उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच एक छोर संभाले रखा। क्रीज पर टिक जाने के बाद श्रीलंकाई कप्तान ने 61 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 117 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 123 गेंदों में 106 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान
असलंका ने बतौर कप्तान लगाया अपना दूसरा शतक
असलंका ने कप्तानी मिलने के बाद बल्लेबाजी में निरंतरता से रन बनाए हैं। उन्होंने कप्तान के तौर पर 15 मैचों की 14 पारियों में लगभग 50 की औसत के साथ 550 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 3 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। कप्तान के रूप में उनका पिछला शतक ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ (127 रन) इसी साल फरवरी में आया था।
करियर
ऐसा है असलंका का वनडे करियर
असलंका ने अपना पहला वनडे मुकाबला 2021 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 74 वनडे मैच खेले हैं। इसकी 66 पारियों में लगभग 45 की औसत से 2,400 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 शतक के अलावा 15 अर्धशतक भी निकले हैं। इस खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 127 रन रहा है। वह अपने वनडे करियर के 200 से अधिक चौके भी लगा चुके हैं।
श्रीलंका
श्रीलंका ने बनाया सम्मानजनक स्कोर
टॉस जीतकर पहले खेलते हुए श्रीलंका ने 11 रन के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे। नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए कामिंदु मेंडिस अपना खाता भी नहीं खोल सके। ऐसे में असलंका ने एक छोर से निरंतर रन बनाना जारी रखा और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। श्रीलंकाई पारी 244 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश की ओर से तस्कीन अहमद ने 47 रन देते हुए 4 विकेट लिए।