Page Loader
IPL 2021: सनराइजर्स हैदराबाद ने मिचेल मार्श की जगह जेसन रॉय को किया साइन

IPL 2021: सनराइजर्स हैदराबाद ने मिचेल मार्श की जगह जेसन रॉय को किया साइन

लेखन Neeraj Pandey
Mar 31, 2021
07:52 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें संस्करण के लिए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने एक बड़ी घोषणा की है। फ्रेंचाइजी ने घोषणा की है कि इस सीजन इंग्लिश ओपनर जेसन रॉय उनके लिए खेलेंगे। रॉय को निजी कारणों से लीग से हटने वाले मिचेल मार्श की जगह साइन किया गया है। फ्रेंचाइजी ने ट्विटर पर इस खबर को अपने चाहने वालों से साझा किया है। आइए जानते हैं पूरी खबर।

ट्विटर पोस्ट

SRH द्वारा किया गया ट्वीट

नीलामी

पिछले दो सीजन से लगातार रॉय को नहीं मिला था कोई खरीदार

आक्रामक ओपनर रॉय को लगातार दो बार IPL की नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला था। IPL 2020 के अलावा इस सीजन की नीलामी में भी उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा था। रॉय ने आखिरी बार 2018 में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए IPL मुकाबला खेला था। इसके पहले उन्होंने एक सीजन गुजरात लॉयंस के लिए भी खेला था। इस बार उनकी बेस प्राइस दो करोड़ रूपये थी।

जानकारी

ऐसा रहा है रॉय का IPL करियर

रॉय ने अब तक केवल आठ IPL मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है। उनके नाम 133 की स्ट्राइक रेट से 179 रन दर्ज हैं। वह दो बार नाबाद भी रहे हैं।

टी-20 लीग

लगातार टी-20 लीग्स का हिस्सा बने रहे हैं रॉय

रॉय ने भले ही दुनिया की सबसे बड़ी टी-20 लीग IPL में केवल दो ही सीजन खेला है, लेकिन वह दुनियाभर में होने वाली अन्य कई टी-20 लीग्स में लगातार खेलते रहे हैं। उन्होंने बिग बैश लीग, बांग्लादेश प्रीमियर लीग और पाकिस्तान सुपर लीग में खेला है। 30 साल के रॉय अब तक 235 टी-20 मुकाबले खेल चुके हैं और उनके नाम टी-20 क्रिकेट में चार शतक दर्ज हैं।

प्रदर्शन

टी-20 क्रिकेट में ऐसा रहा है रॉय का प्रदर्शन

रॉय ने टी-20 क्रिकेट में 6,085 रन बनाए हैं और इस दौरान उन्होंने चार शतक के अलावा 40 अर्धशतक भी लगाए हैं। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 225 छक्के और 669 चौके लगाए हैं। टी-20 में उनकी स्ट्राइक-रेट 140 से अधिक की है। 43 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके रॉय ने इंग्लैंड के लिए 1,034 रन बनाए हैं जिसमें पांच अर्धशतक शामिल हैं। रॉय को तेजी से रन बनाने के लिए जाना जाता है।

मिचेल मार्श

इस कारण से इस सीजन से हटे हैं मार्श

पिछले सीजन चोट के कारण केवल एक ही मैच खेल पाने वाले मिचेल मार्श ने बॉयो-बबल में रहने की मुश्किलों के कारण इस सीजन से हटने का फैसला लिया है। उन्होंने फ्रेंचाइजी को इसके बारे में काफी पहले ही बता दिया था। मार्श को 2020 सीजन के लिए दो करोड़ रूपये की कीमत में खरीदा गया था और इस सीजन के लिए उन्हें रिटेन किया गया था।