दक्षिण अफ्रीका के क्रिस मॉरिस ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से लिया संन्यास
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस ने सभी तरह के क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होंने प्रोटियाज टीम से अपना आखिरी मैच जुलाई 2019 में वनडे विश्व कप में खेला था।
लगभग एक दशक लम्बे अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद मॉरिस अब एक नई भूमिका में नजर आएंगे।
उन्होंने ऐलान किया है कि वह दक्षिण अफ्रीका की घरेलू टीम टाइटन्स के साथ कोचिंग करेंगे।
इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
इंस्टाग्राम पोस्ट
उन सभी को धन्यवाद जिन्होंने मेरा साथ दिया है- मॉरिस
34 वर्षीय मॉरिस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए संन्यास की जानकारी सबको दी है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'आज मैं हर तरह की क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करता हूं। उन सभी को धन्यवाद जिन्होंने मेरी यात्रा में एक भूमिका निभाई है, चाहे यह बड़ा हो या छोटा, यह एक मजेदार सफर रहा है।'
इसके अलावा मॉरिस ने बताया है कि टाइटन्स के साथ कोचिंग करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय करियर
ऐसा रहा है मॉरिस का अंतरराष्ट्रीय करियर
मॉरिस ने दक्षिण अफ्रीका से 42 वनडे में 48 विकेट लिए हैं। दूसरी तरफ बल्लेबाजी में एक अर्धशतक की मदद से 467 रन बनाए हैं।
इसके अलावा 23 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 20.50 की औसत से 34 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं बल्लेबाजी में 130.39 के स्ट्राइक रेट से 133 रन अपने नाम किए हैं।
इसके अलावा उन्होंने चार टेस्ट खेले हैं, जिसमें गेंदबाजी में 12 विकेट और बल्ले से 173 रन बनाए हैं।
IPL करियर
ऐसा रहा है मॉरिस का IPL करियर
मॉरिस ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में राजस्थान रॉयल्स (RR), चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), दिल्ली कैपिटल्स (DC), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से कुल 81 मैच खेले हैं, जिसमें 24.16 की औसत से 95 विकेट लिए हैं।
दूसरी तरफ बल्लेबाजी में उन्होंने 22.07 की औसत और 155.28 स्ट्राइक रेट से 618 रन बनाए हैं।
वह IPL 2021 में आखिरी बार RR की ओर से खेलते हुए नजर आए थे।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
2021 सीजन के लिए राजस्थान रॉयल्स (RR) ने मॉरिस को 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस धनराशि के साथ वह IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे।