दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वान डर डुसेन ने लिया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के बल्लेबाज रासी वान डर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया है। इस 35 वर्षीय खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने प्रोटियाज टीम के साथ अपने सफर को याद करते हुए सभी का धन्यवाद किया। डुसेन ने साफ किया कि वह अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलेंगे, लेकिन घरेलू क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे।
शुरुआत
29 साल की उम्र में किया था डेब्यू
डुसेन ने 29 साल की उम्र में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच से डेब्यू किया था। घरेलू क्रिकेट और टी-20 लीग में लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका मिला। इसके बाद उन्होंने 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया। धीरे-धीरे उन्होंने सीमित ओवरों के क्रिकेट में अपनी जगह बनाई और टीम के मध्यक्रम का हिस्सा बने।
करियर
कैसे रहे हैं आंकड़े?
डुसेन ने अपने करियर में 18 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 905 रन बनाए और 6 अर्धशतक लगाए। वनडे में उन्होंने 71 मैचों में 2,657 रन बनाए, जिसमें 6 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में उनका औसत 50 से अधिक रहा। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनके नाम 57 मैचों में 33.47 की औसत के साथ 1,406 रन दर्ज हैं, जिसमें 10 अर्धशतक शामिल हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 94* रन रहा।
बयान
देश के लिए खेलना सबसे बड़ा सम्मान- डुसेन
संन्यास की घोषणा करते हुए डुसेन ने कहा कि देश के लिए खेलना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा। उन्होंने क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA), कोचों और अपने साथियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी पत्नी और फैंस का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मैदान पर बिताए गए अनुभव और यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी और वह इस सफर को खास मानते हैं।
बयान `
घरेलू क्रिकेट खेलना रखेंगे जारी
डुसेन ने बताया कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। इसके साथ ही वह युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने और अपने अनुभव साझा करने पर ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि वह क्रिकेट से जुड़े रहकर खेल में योगदान देना चाहते हैं और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। वह घरेलू क्रिकेट में लायंस टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं और हाल ही में लिस्ट-A मैच में खेलते हुए दिखे थे।