चैंपियंस ट्रॉफी 2025: इंग्लैंड ने बनाई हार की हैट्रिक, दक्षिण अफ्रीका ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट
क्या है खबर?
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के 11वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हरा दिया। इंग्लिश टीम के लिए ये टूर्नामेंट बेहद खराब साबित हुआ। वह एक भी मुकाबला नहीं जीत पाई।
वहीं, दक्षिण अफ्रीका भारत, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली चौथी टीम बन गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड 179 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 29.1 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ। कोई भी इंग्लिश बल्लेबाज मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
जो रूट के बल्ले से सबसे ज्यादा 37 रन निकले। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को येन्सन और वियान मूल्डर ने 3-3 विकेट अपने नाम किए।
जवाब में हेनरिक क्लासेन (64) और रासी वैन डेर डुसेन (72*) की शानदार पारियों के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने आसानी से जीत दर्ज कर ली।
गेंदबाजी
येन्सन और मूल्डर की गेंदबाजी पर एक नजर
प्रोटियाज टीम के लिए येन्सन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 39 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।
उन्होंने फिल साल्ट (8), बेन डकेट (24) और जेमी स्मिथ (0) को अपना शिकार बनाते हुए इंग्लिश टीम को शुरुआती झटके दिए।
इसके बाद मूल्डर ने रूट (37), जोफ्रा आर्चर (25) और आदिल राशिद (2) को अपना शिकार बनाकर रही सही कसर पूरी कर दी। उन्होंने 7.2 ओवर में केवल 25 रन खर्च किए।
छोटा
इंग्लैंड ने बनाया चौथा सबसे छोटा स्कोर
इंग्लैंड ने इस टूर्नामेंट का अपना चौथा सबसे छोटा स्कोर बनाया। इस मुकाबले से पहले साल 2006 में वह भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 125 रन पर ऑलआउट हुई थी।
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 2009 में वह 146 रन पर पवेलियन लौटे थे। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लिश टीम साल 2006 और 2013 में 169 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
इंग्लैंड के खराब प्रदर्शन के कारण कप्तान जोस बटलर ने अपना पद शुक्रवार को छोड़ दिया था।
गेंद
लुंगी एनगिडी ने पूरे किए 100 विकेट
लुंगी एनगिडी ने मैच के दौरान वनडे क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे किए। उन्होंने मैच में 7 ओवर गेंदबाजी की और 33 रन देकर 1 विकेट लिया। उनकी इकॉनमी रेट 4.70 की रही।
एनगिडी वनडे क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले दूसरे सबसे तेज (गेंदों के मामले में) प्रोटियाज गेंदबाज बने। उन्होंने 100 विकेट लेने में 3,048 गेंदें ली।
उनसे आगे सिर्फ मोर्ने मोर्कल हैं, जिन्होंने 2,859 गेंदें ली थी।
अर्धशतक
क्लासेन और डुसेन की पारी पर एक नजर
क्लासेन ने वनडे करियर का 11वां और इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 56 गेंदों का सामना किया और 64 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 11 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 114.29 की रही।
डुसेन ने वनडे करियर का 16वां और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा अर्धशतक बनाया।
उन्होंने 87 गेंदों का सामना किया और 72 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 6 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 82.76 की रही।
जानकारी
सेमीफाइनल में किस टीम से भिड़ेगी दक्षिण अफ्रीका?
दक्षिण अफ्रीका ने अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। अब उसका सेमीफाइनल में मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी ग्रुप मुकाबले में हारने वाली टीम से होगा। दक्षिण अफ्रीका अब तक एक भी मैच नहीं हारी है।