दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया: जोश हेजलवुड ने टेस्ट में किया सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में 5वें दिन घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए। यह उनके टेस्ट करियर का 15वां और प्रोटियाज टीम के खिलाफ दूसरा ही 5 विकेट हॉल रहा। यह उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी रहा है। इसकी बदौलत कंगारू टीम मुकाबले में 214 रन से जीत दर्ज करने में सफल रही। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
गेंदबाजी
कैसी रही हेजलवुड की गेंदबाजी?
हेजलवुड ने अपनी दूसरी पारी में 420 रन का लक्ष्य लेकर उतरी मेजबान प्रोटियाज टीम को रयान रिकेल्टन (2) के रूप में पहला झटका देते हुए अपने विकेटों का खाता खोला।
इसके बाद उन्होंने डेविड बेडिंघम (46), वियान मुल्डर (29), मार्को यानसन (35), साइमन हार्मर (0) और एनरिख नोर्खिया (4) को भी पवेलियन की राह दिखाई।
उन्होंने पारी में 16.5 ओवर में 4 मेडन के साथ 49 रन खर्च करते हुए ये सफलताएं अर्जित की।
प्रदर्शन
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कैसा रहा है हेजलवुड का प्रदर्शन?
हेजलवुड का प्रोटियाज टीम के खिलाफ अब तक का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है।
उन्होंने इस टीम के खिलाफ कुल 10 टेस्ट खेले हैं, जिसकी 19 पारियों में वह 24.79 की औसत और 2.85 की इकॉनमी से 44 विकेट लेने में सफल रहे हैं।
इसमें 2 बार 5 विकेट हॉल भी शामिल है। यह उनका प्रोटियाज धरती पर पहला ही 5 विकेट हॉल रहा है।
इस टीम के खिलाफ उन्होंने 88 ओवर मेडन भी फेंके हैं।
उपलब्धि
पिछले 3 सालों में दमदार रहा है हेजलवुड का प्रदर्शन
साल 2024 से अब तक दुनिया के 25 गेंदबाजों ने टेस्ट क्रिकेट में 50 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं।
इसमें हेजलवुड भी शामिल है, लेकिन इनमें से किसी भी गेंदबाज की औसत हेजलवुड से बेहतर नहीं है।
हेजलवुड ने इस अविध में 14.83 की दमदार औसत और 33.20 की स्ट्राइक रेट से 67 विकेट अपने नाम किए हैं।
ऐसे में वर्तमान दौर में टेस्ट क्रिकेट में हेजलवुड का सामना करना हर बल्लेबाज के लिए बड़ी चुनौती है।
करियर
कैसा रहा है हेजलवुड का टेस्ट करियर?
हेजलवुड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए पहला टेस्ट मैच साल 2014 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 79 टेस्ट मुकाबले खेले हैं, जिसकी 149 पारियों में 23.71 की शानदार औसत और 2.78 की इकॉनमी से उन्होंने 311 विकेट लिए हैं।
उन्होंने 15 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 49 रन देते हुए 6 विकेट लेना रहा है।
वह फिलहाल ऑस्ट्रेलिया से 9वें सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।