Page Loader
IPL में सौरव गांगुली की रही है सबसे कम स्ट्राइक रेट, जानिए अन्य के आंकड़े
सौरव गांगुली की IPL में रही है सबसे कम स्ट्राइक रेट

IPL में सौरव गांगुली की रही है सबसे कम स्ट्राइक रेट, जानिए अन्य के आंकड़े

Mar 19, 2024
04:42 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17वें संस्करण का रोमांच 22 मार्च से शुरू होगा। इस बार भी दर्शकों को चौके-छक्कों की बारिश देखने की उम्मीद होगी। टी-20 प्रारूप की इस लीग में हर बल्लेबाज तेजी से रन बनाने का प्रयास करता है तो कुछ चाहकर भी ऐसा नहीं कर पाते हैं। ऐसा ही एक अनचाहा रिकॉर्ड पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के नाम दर्ज है। उनके नाम IPL इतिहास में सबसे कम स्ट्राइक रेट (न्यूनतम 1,000 गेंद) दर्ज है।

आंकड़े

गांगुली ने IPL में 106.81 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं रन

गांगुली ने IPL में सबसे कम स्टाइक रेट 106.81 से रन बनाए हैं। उन्होंने लीग में कुल 1,263 गेंदें खेलकर 1,349 रन अपने नाम किए हैं। सूची में जैक्स कैलिस (109.23) दूसरे, तिलकरत्ने दिलशान (114.50) तीसरे, राहुल द्रविड (115.52) चौथे, मनोज तिवारी (116.98) 5वें, नमन ओझा (118.35) छठे, एस बद्रीनाथ (118.89) 7वें, सचिन तेंदुलकर (119.82) 8वें और सौरभ तिवारी (120.10) के साथ 9वें पायदान पर हैं। बड़ी बात यह है कि ये सभी बल्लेबाज अपने दौर के दिग्गज रहे हैं।

करियर

कैसा रहा है गांगुली का IPL करियर?

गांगुली ने 18 अप्रैल, 2008 को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था और 2012 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आखिरी मैच खेला था। उन्होंने इस लीग में कुल 59 मैच की 56 पारियों में 25.45 की औसत और 106.81 की स्ट्राइक रेट से 1,349 रन बनाए हैं। इस दौरान वह 7 अर्धशतक लगाने में भी सफल रहे हैं। इसी तरह उन्होंने 20 पारियों में 10 विकेट भी अपने नाम किए हैं।