Page Loader
ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज: शेरफेन रदरफोर्ड ने लगाया पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, पूरे किए 2,000 टी-20 रन 
रदरफोर्ड ने लगाया अपना पहला अर्धशतक (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@sherfane.r)

ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज: शेरफेन रदरफोर्ड ने लगाया पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, पूरे किए 2,000 टी-20 रन 

Feb 13, 2024
05:44 pm

क्या है खबर?

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के शेरफेन रदरफोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच में शानदार अर्धशतक (67*) लगाया। यह उनके युवा टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक है। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने आंद्रे रसेल (71) के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी भी की। रदरफोर्ड की पारी की मदद से वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 220/6 का स्कोर बनाया और मैच को 37 रन से जीत लिया। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही रदरफोर्ड की पारी

पहले खेलते हुए जब वेस्टइंडीज ने 72 रन पर अपना चौथा विकेट खोया था, तब रदरफोर्ड बल्लेबाजी करने क्रीज पर आए। उन्होंने शुरुआत में कुछ संभलकर बल्लेबाजी की और मौका मिलने पर आकर्षक शॉट लगाए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 33 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने एक छोर संभाले रखा और 40 गेंदों पर 67 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और इतने ही छक्के भी लगाए।

आंकड़े

रदरफोर्ड ने पूरे किए 2,000 टी-20 रन 

अपनी इस ताबड़तोड़ पारी के दौरान रदरफोर्ड ने अपने टी-20 करियर में 2,000 रन भी पूरे किए। उन्होंने अब तक 121 टी-20 मैचों की 106 पारियों में 2,027 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 78 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 10 अर्धशतक लगाए हैं। 25 वर्षीय रदरफोर्ड इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने IPL की 9 पारियों में 101.92 की स्ट्राइक रेट के साथ 106 रन बनाए हैं।

जानकारी

रदरफोर्ड के टी-20 अंतरराष्ट्रीय पर एक नजर

रदरफोर्ड ने अब तक 12 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें 23.55 की औसत और 153.62 की स्ट्राइक रेट के साथ 212 रन बना लिए हैं। गेंदबाजी में उन्होंने सिर्फ 1 विकेट हासिल किया है।

साझेदारी

रदरफोर्ड और रसेल ने साझेदारी में बनाया रिकॉर्ड

रदरफोर्ड और आंद्रे रसेल ने छठे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी की। ये टी-20 अंतरराष्ट्रीय में छठे विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी का नया रिकॉर्ड बन गया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड माइकल हसी और कैमरून वाइट (पूर्ण सदस्य देशों में) के नाम था, जिन्होंने श्रीलंका के विरुद्ध 2010 में 101* रन जोड़े थे। एसोसिएट देशों में पपुआ एंड न्यू गिनी के टोनी उरा और नॉर्मन वनुआ ने सिंगापुर के खिलाफ 2022 में 115 रन जोड़े थे।

लेखा-जोखा

वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को 37 रन से हराया 

पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 17 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद रोस्टन चेज (37) और रोवमैन पॉवेल (21) ने पारी को मजबूती दी। मध्यक्रम में रसेल (71) और रदरफोर्ड (67*) ने जोरदार अर्धशतक लगाए और टीम ने 220/6 का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में वार्नर ने 49 गेंदों में 81 रन की उम्दा पारी खेली। उनके आउट होने के बाद टिम डेविड (41*) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम 183/5 का स्कोर ही बना सकी।