Page Loader
सेल्फी विवाद: सपना गिल की याचिका पर पृथ्वी शॉ समेत 11 लोगों के खिलाफ नोटिस जारी 
बॉम्बे हाई कोर्ट ने पृथ्वी शॉ समेत 11 के खिलाफ नोटिस जारी किया (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

सेल्फी विवाद: सपना गिल की याचिका पर पृथ्वी शॉ समेत 11 लोगों के खिलाफ नोटिस जारी 

Apr 13, 2023
04:50 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के लिए परेशानियां बढ़ती दिख रही हैं। सेल्फी विवाद मामले में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सपना गिल की याचिका पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने पृथ्वी और 11 अन्य लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किया है। 23 साल के पृथ्वी वर्तमान में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वें संस्करण में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए बतौर सलामी बल्लेबाज खेल रहे हैं। आइए इस पूरे मामले पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

पृथ्वी के अलावा उनके दोस्त और पुलिसकर्मियों को भी नोटिस 

कोर्ट ने क्रिकेटर के अलावा कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ पृथ्वी के कुछ दोस्तों के खिलाफ भी नोटिस जारी किया गया है। सपना ने अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया था, जिस पर गुरुवार को सुनवाई हुई। सपना द्वारा याचिका में यह बताया गया है कि उनके दोस्त शोभित ठाकुर, पृथ्वी और उनके दोस्त आशीष यादव के साथ परेशानी में पड़ गए हैं।

रिपोर्ट

क्या है पूरा मामला? 

पृथ्वी और सपना के बीच यह घटना 15 फरवरी को मुंबई के एक होटल के बाहर हुई। घटना के बाद पृथ्वी ने भोजपुरी अभिनेत्री के खिलाफ मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद सपना को शॉ की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में 20 फरवरी को उन्हें जमानत दे दी गई थी। पृथ्वी का आरोप है कि सपना और उनके दोस्तों ने उनकी गाड़ी पर बेसबॉल स्टिक से तोड़-फोड़ की थी।

रिपोर्ट

पृथ्वी के दोस्त ने दर्ज करवाई थी शिकायत 

15 फरवरी की रात को ही पृथ्वी के दोस्त आशीष सुरेंद्र यादव की शिकायत पर ओशिवारा पुलिस स्टेशन में 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना वाली रात को पृथ्वी के दोस्त की कार को जोगेश्वरी के लोटस पेट्रोल पंप के पास रोका गया था। वहीं एक महिला ने आकर कहा कि अगर इस मामले को सुलझाना चाहते हो और विवाद को बड़ा नहीं करना चाहते तो उन्हें 50 हजार रुपये दे।

रिपोर्ट

सपना की ओर से भी दर्ज करवाई गई थी शिकायत 

इस मामले में सपना के वकील काशिफ अली खान ने भी एक अर्जी दायर की थी। अर्जी में पृथ्वी और उनके दोस्तों के खिलाफ छेड़छाड़ और मर्यादा भंग करने के आरोप में FIR दर्ज करने की मांग की थी। सपना ने पृथ्वी के खिलाफ IPC की धारा 34, 120 B, 146, 148, 149, 323, 324, 351, 354 और 509 के तहत केस दर्ज कराया था। सपना ने ये भी आरोप लगाया कि पृथ्वी घटना वाली रात नशे में धुत थे।

रिपोर्ट

IPL 2023 में कैसा चल रहा है पृथ्वी का प्रदर्शन? 

IPL 2023 में अभी तक बल्ले से पृथ्वी का कमाल देखने को नहीं मिला है। इस सीजन में अब तक खेले गए 5 मैचों में वह सिर्फ 34 रन ही बना पाए हैं। इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर 15 रन का रहा है। पृथ्वी IPL करियर में अब तक 67 मैच में 24.21 की औसत और 146.92 की स्ट्राइक रेट से 1,622 रन बना चुके हैं। 99 के उच्चतम स्कोर के साथ उनके नाम लीग में 12 अर्धशतक दर्ज हैं।