Page Loader
दूसरा टेस्ट: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय पारी 153 रन पर सिमटी, 98 रन की बढ़त 
अर्धशतक से चूके कोहली (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

दूसरा टेस्ट: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय पारी 153 रन पर सिमटी, 98 रन की बढ़त 

Jan 03, 2024
07:38 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम अपनी पहली पारी में 153 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मेजबान टीम को 55 रन पर समेटने के बाद भारत ने पहली पारी के आधार पर 98 रन की बढ़त हासिल की। भारत से विराट कोहली ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। एक समय 153/4 के स्कोर पर मजबूत स्थिति में दिख रही भारतीय टीम बिना कोई रन जोड़े ही सिमट गई। भारतीय पर एक नजर डालते हैं।

शीर्षक्रम

अर्धशतक बनाने से चूके रोहित और गिल

भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने आए यशस्वी जायसवाल अपना खाता भी नहीं खोल सके। उनके विकेट के पतन के बाद रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने दूसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। भारतीय कप्तान दक्षिण अफ्रीका की धरती पर अपने पहले अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 7 चौकों की मदद से 39 रन की पारी खेली। गिल ने 5 चौकों की बदौलत 36 रन बनाए। इसके बाद श्रेयस अय्यर बिना खाता खोले आउट हुए।

कोहली

कोहली ने खेली उम्दा पारी

सीरीज के पहले टेस्ट की दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ने वाले कोहली अच्छी लय में नजर आए। हालांकि, वह लगातार दूसरे अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 46 रन की पारी खेली। उनके अलावा मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने निराश किया। केएल राहुल ने 8 रन की पारी खेली। भारत ने अपनी पहली पारी में सिर्फ 34.5 ओवर बल्लेबाजी की और पहले दिन के तीसरे सत्र के दौरान सिमट गई।

लड़खड़ाई

भारतीय पारी लड़खड़ाई 

एक समय भारत ने 33 ओवर की समाप्ति तक 153 के स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवाए थे। भारतीय पारी में 34वां ओवर फेंकने आए लुंगी एनगिडी ने अपने ओवर में 3 सफलताएं हासिल की। इसके बाद लगातार एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए और भारतीय पारी जल्दी से सिमट गई। इस दौरान रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और मुकेश कुमार खाता तक नहीं खोल पाए।

गेंदबाजी

ऐसी रही दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी 

दक्षिण अफ्रीका से कगिसो रबाडा ने 3.20 की इकॉनमी रेट से 34 रन देते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। एनगिडी ने अपने 6 ओवर में 3 सफलताएं हासिल की। उन्होंने अपने एक ओवर में ही राहुल, जडेजा और बुमराह के विकेट हासिल किए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नंद्रे बर्गर ने उम्दा गेंदबाजी की। उन्होंने 8 ओवर में 42 रन देते हुए 3 विकेट लिए। मार्को येन्सन कोई विकेट नहीं ले सके।