संजू सैमसन ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बनाया अनोखा रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने बुधवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ हैदराबाद में खेले गए चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने 248 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया। इस दौरान सैमसन ने एक खास उपलब्धि हासिल की। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किसी फुल मेंबर टीम की ओर से पहले 4 ओवर के भीतर अर्धशतक पूरा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। आइए उनके रिकॉर्ड और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
आंकड़े
सैमसन ने 3.4 ओवर में पूरा किया अर्धशतक
सैमसन ने सिर्फ 23 गेंदों में 56 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 6 चौके और 4 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 243.48 रहा। सैमसन ने 3.4 ओवर में अर्धशतक पूरा किया।
क्रिकबज के अनुसार, वह किसी फुल मेंबर टीम की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पहले 4 ओवर के भीतर 50 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बने।
हालांकि, सभी टीमों के खिलाड़ियों की सूची में नामीबिया के जान फ्राइलिंक ने भी 3.4 ओवर में अर्धशतक लगाया है।
रिकॉर्ड
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 100 छक्के लगाने वाले छठे भारतीय बने
सैमसन ने अपनी पारी में 4 छक्के लगाकर टी-20 अंतरराष्ट्रीय में छक्कों की संख्या 102 तक पहुंचा दी। इसके साथ ही वह इस प्रारूप में 100 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बन गए।
उनसे पहले रोहित शर्मा (205), सूर्यकुमार यादव (179), अभिषेक शर्मा (141), हार्दिक पांड्या (126) और विराट कोहली (124) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
बता दें, भारतीय टीम यह मुकाबला 24 रन से हार गई।