Page Loader
कौन हैं मुंबई इंडियंस की साइका इशहाक, जिन्होंने गुजरात के खिलाफ झटके 4 विकेट? 
साइका इशहाक ने गुजरात के खिलाफ 4 विकेट लिए (फोटो: ट्विटर/@wplt20)

कौन हैं मुंबई इंडियंस की साइका इशहाक, जिन्होंने गुजरात के खिलाफ झटके 4 विकेट? 

Mar 05, 2023
12:52 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियंस (MI) की स्पिनर साइका इशहाक ने गुजरात जॉयंट्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए। बाएं हाथ की स्पिनर ने इनमें से 1 विकेट पावरप्ले में लिया था। साइका ने पहले 3 ओवर में से 1 मेडन फेंका था। 27 साल की यह खिलाड़ी बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलती हैं और अब तक उन्हें अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है। आइए इशहाक के बारे में जानते हैं।

क्रिकेट

बंगाल की रहने वाली हैं इशहाक 

इशाक बंगाल की रहने वाली हैं। 27 वर्षीय बाएं हाथ की इस स्पिन गेंदबाज ने कालीघाट महिला क्लब के साथ क्रिकेट की शुरुआत की थी। उन्होंने अंडर-19 और अंडर-23 दोनों टूर्नामेंट में राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व किया है। वह बंगाल राज्य क्रिकेट टीम का एक अभिन्न अंग रही हैं, जो नियमित रूप से सीनियर महिला वनडे चैंपियनशिप में भाग लेती है। 2021 और 2022 में उन्होंने क्रमशः भारत महिला-D और भारत महिला-A टीम का प्रतिनिधित्व भी किया है।

बल्लेबाजी

बल्लेबाजी में भी इशहाक का रहा है जलवा 

इशाक ने 24 दिसंबर 2021 को इंडिया-C के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी कौशल का भी प्रदर्शन किया था। उन्होंने 5 चौकों की मदद से नाबाद 24 रन बनाए थे। उस पूरे टूर्नामेंट मे वह सिर्फ एक बार आउट हुई थीं। फाइनल मैच में वह खाता खोले बिना पवेलियन लौट गई थीं। 2022 में उन्होंने भारत-A का प्रतिनिधित्व किया है। वह महिला टी-20 चैलेंज में ट्रेलब्लेजर के लिए भी खेल चुकी हैं। मैच के दौरान किसी भी समय घबराई हुई नहीं दिखीं।

मैच

3 बल्लेबाजों को किया बोल्ड

मुंबई की बाएं हाथ की स्पिनर इशहाक ने अपने 3.1 ओवरों में सिर्फ 11 रन दिए और 4 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वेयरहैम, मानसी जोशी और मोनिका पटेल के विकेट हासिल किए। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने 3 बल्लेबाजों के विकेट बोल्ड करके लिए। इस बीच उन्होंने 1 ओवर मेडन भी किया। उनकी इस शानदार गेंदबाजी का ही नतीजा था कि गुजरात की टीम 9 विकेट पर केवल 64 रन ही बना सकी।

जीत 

मुंबई ने पहले मैच में दर्ज की शानदार जीत 

WPL के पहले मैच में MI पहले बल्लेबाजी करने उतरी और यास्तिका भाटिया (1) जल्दी आउट हो गईं। हैली मैथ्यूज (47) ने अच्छी पारी खेली। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और अमेलिया केर (45*) ने टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। जवाब में गुजरात की बेथ मूनी चोटिल होकर मैदान से बाहर चली गई। इसके बाद भी गुजरात के बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और टीम को करारी शिकस्त मिली। इशाक (4/11) सबसे सफल गेंदबाज रही।