LOADING...
MI बनाम CSK: रुतुराज गायकवाड़ सबसे तेज 2,000 IPL रन पूरे करने वाले भारतीय बने
रुतुराज गायकवाड़ ने पूरे किए 2,000 IPL रन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

MI बनाम CSK: रुतुराज गायकवाड़ सबसे तेज 2,000 IPL रन पूरे करने वाले भारतीय बने

Apr 14, 2024
09:10 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 29वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी (69) खेली। यह उनके IPL करियर का 16वां और इस सीजन का दूसरा अर्धशतक रहा है। इस पारी में उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। अपनी पारी का 48वां रन बनाते ही उनके IPL में 2,000 रन पूरे हो गए। वह इस मुकाम पर सबसे तेज पहुंचने वाले भारतीय और दुनिया के तीसरे बल्लेबाज हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही गायकवाड़ की पारी और साझेदारी?

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी CSK को 8 रन पर पहला झटका लग गया था। उसके बाद सलामी बल्लेबाजी पर आए गायकवाड़ ने रचिन रविंद्र (21) के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 और शिवम दुबे के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रन की अहम साझेदारी निभाई। उन्होंने 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह पारी में 40 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 69 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने।

रिकॉर्ड

गायकवाड़ ने केएल राहुल को पछाड़ा

साल 2020 में अपना IPL डेब्यू करने वाले गायकवाड़ ने 2,000 रन के आंकड़े को छूने के लिए 58 मैचों की 57 पारियां ली हैं। उन्होंने सबसे तेज यह आंकड़ा पार करने वाले भारतीय के मामले में केएल राहुल (60 पारी) को पीछे छोड़ दिया। कुल मिलाकर गायकवाड़ इस मामले में केवल वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और ऑस्ट्रेलिया के शॉन मार्श से पीछे हैं। गेल ने 48 और मार्श ने 52 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था।

Advertisement

उपलब्धि

यह उपलब्धि हासिल करने वाले CSK के छठे बल्लेबाज

गायकवाड़ ने अपने सभी 2,000 रन CSK के लिए बनाए हैं। वह ऐसा करने वाले छठे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले सुरेश रैना (5,529), महेंद्र सिंह धोनी (4,996), फाफ डु प्लेसिस (2,932), माइकल हसी (2,213) और मुरली विजय (2,205) ने यह कारनामा किया था। गायकवाड़ CSK के लिए सलामी बल्लेबाज के रूप में 2,000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बने हैं।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है गायकवाड़ का IPL करियर?

गायकवाड़ ने साल 2020 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक CSK के लिए 58 मैच की 57 पारियों में 39.63 की औसत और 134.91 की स्ट्राइक रेट से 2,021 रन अपने नाम कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 16 अर्धशतकों के अलावा 1 शतक भी जड़ा है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101 रन का रहा है। वह CSK के लिए दूसरे सर्वाधिक (17) 50+ स्कोर बनाने वाले सलामी बल्लेबाज हैं।

Advertisement