Page Loader
RR बनाम MI: संदीप शर्मा ने IPL में पहली बार चटकाए 5 विकेट, जानिए उनके आंकड़े 
संदीप शर्मा ने घातक गेंदबाजी की (तस्वीर: एक्स/@IPL)

RR बनाम MI: संदीप शर्मा ने IPL में पहली बार चटकाए 5 विकेट, जानिए उनके आंकड़े 

Apr 22, 2024
09:34 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 38वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अपने IPL करियर में पहली बार यह कारनामा किया है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/20 का रहा था। यह खिलाड़ी चोटिल होने के कारण पिछले कुछ मुकाबलों से बाहर था। संदीप ने दोबारा मिले मौके का फायदा हुआ और मुंबई इंडियंस (MI) के बल्लेबाजों को टिकने का कोई मौका नहीं दिया।

गेंदबाजी

कैसी रही संदीप की गेंदबाजी?

संदीप ने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 18 रन खर्च करते हुए 5 विकेट झटके। उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 4.50 की रही। उन्होंने ईशान किशन (0), सूर्यकुमार यादव (10), तिलक वर्मा (65), टिम डेविड (3) और गेराल्ड कोएत्जी (0) को अपना शिकार बनाया। उनकी शानदार गेंदबाजी के ही कारण आखिरी ओवर में MI की टीम 200 रन का स्कोर भी खड़ा नहीं कर पाई।

गेंदबाज

MI के खिलाफ 5 विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बने संदीप 

IPL के इतिहास में MI के खिलाफ सिर्फ 4 गेंदबाजों ने 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है। संदीप से पहले यह कारनामा मोहित शर्मा (5/10), आंद्रे रसेल (5/15) और हर्षल पटेल (5/27) कर चुके हैं। संदीप RR के लिए 5 विकेट हॉल लेने वाले सिर्फ चौथे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले सोहेल तनवीर (6/14), जेम्स फॉकनर 2 बार (5/20), (5/16) और युजवेंद्र चहल (5/40) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

नीलामी

प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम का हिस्सा बने थे संदीप 

संदीप को IPL 2023 में RR की टीम ने अपने साथ जोड़ा था। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम के साथ जोड़ा गया था। इस खिलाड़ी को नीलामी में किसी भी फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम का हिस्सा नहीं बनाया था। इस सीजन भी कृष्णा चोटिल होने के कारण नहीं खेल पाए। संदीप IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में 15वें स्थान पर हैं। वह लगातार इस लीग में अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं।

करियर

कैसा रहा है संदीप का IPL करियर?

संदीप ने IPL में अब तक 119 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 26.72 की औसत और 7.84 की इकॉ़नमी रेट से 130 विकेट झटके हैं। उन्होंने अपने पूरे IPL करियर में 2 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/18 का रहा है। IPL 2024 में इस खिलाड़ी ने 3 मुकाबले खेले हैं और 12.67 की उम्दा औसत और 6.91 की इकॉनमी रेट से 6 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।