LOADING...
रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास, अब सिर्फ वनडे प्रारूप में आएंगे नजर
रोहित ने टेस्ट से लिया संन्यास (तस्वीर: एक्स/@ICC)

रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास, अब सिर्फ वनडे प्रारूप में आएंगे नजर

May 07, 2025
07:30 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। भारतीय टीम को अगले महीने से इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलनी है और इससे पहले ही रोहित ने ये फैसला ले लिया है। रोहित ने अपने इंस्टा स्टोरी लगा कर ये जानकारी दी है। वह अब सिर्फ भारतीय टीम की ओर से वनडे क्रिकेट में खेलते हुए नजर आएंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान 

अपने संन्यास पर क्या बोले रोहित?

रोहित ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'सभी को नमस्कार। मैं यह साझा करना चाहता हूं कि मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है। इतने सालों में मिले प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद। मैं वनडे प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करना जारी रखूंगा।' बता दें कि रोहित ने टी-20 विश्व कप 2024 के बाद ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया था।

ट्विटर पोस्ट

रोहित ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

संन्यास

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आखिरी टेस्ट खेले थे रोहित 

रोहित ने 67 टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट खेला, जिसकी 5 पारियों में 6.20 की औसत से रन बनाए और आखिरी टेस्ट में खुद को टीम से बाहर कर लिया था। इससे पहले न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ भारत में खेली गई टेस्ट सीरीज में भी उनका फॉर्म अच्छा नहीं था। उन्होंने 3 टेस्ट में 15.16 की औसत से रन बनाए थे।

करियर 

ऐसा रहा रोहित का टेस्ट करियर 

टेस्ट क्रिकेट में रोहित ने 116 पारियों में 40.57 की औसत से 4,301 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 12 शतक और 18 अर्धशतक लगाए थे। इस प्रारूप में 212 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। इस खिलाड़ी ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2013 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। अपने टेस्ट करियर में इस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा रन (1,147) इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं।