Page Loader
GT बनाम MI: रोहित शर्मा ने IPL में जड़े 600 चौके, हासिल की यह खास उपलब्धि
रोहित शर्मा ने IPL में पूरे किए 600 चौके (तस्वीर: एक्स/@IPL)

GT बनाम MI: रोहित शर्मा ने IPL में जड़े 600 चौके, हासिल की यह खास उपलब्धि

Mar 29, 2025
10:59 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का 9वां मुकाबला शनिवार को गुजरात टाइटंस (GT) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला गया। इसमें GT द्वारा दिए 197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए MI को रोहित शर्मा के रूप में जल्द ही पहला झटका लग गया। रोहित 2 चौकों की मदद से 8 रन बनाकर आउट हुए। पारी का पहला चौका लगाते ही उनके IPL में 600 चौके पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे बल्लेबाज हैं।

रिकॉर्ड

शिखर धवन के नाम दर्ज है सर्वाधिक चौकों का रिकॉर्ड

IPL में सर्वाधिक चौकों का रिकॉर्ड पूर्व भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने 222 मैचों में कुल 768 चौके जड़े हैं। इस सूची में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाज विराट कोहली (254 मैच में 711 चौके) दूसरे, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वार्नर (184 मैच में 663 चौके) तीसरे पायदान पर हैं। रोहित ने 259 मैचों में कुल 601 चौके जड़े हैं। इस सूची में सुरेश रैना 506 चौकों के साथ 5वें नंबर पर हैं।

करियर

कैसा रहा है रोहित का IPL करियर?

रोहित ने 2008 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ IPL करियर की शुरुआत की थी। वह अब तक 259 मैचों की 254 पारियों में 29.49 की औसत और 131.09 की स्ट्राइक रेट से 6,636 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 43 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 109 रन का रहा है। उन्होंने IPL में डेक्कन चार्जर्स के लिए 45 मैचों में 1,170 और MI के लिए 214 मैचों में 5,456 रन बनाए हैं।