Page Loader
ऋषभ पंत का टी-20 विश्व कप 2024 में चुना जाना लगभग तय- रिपोर्ट 
नवंबर 2022 में पंत ने खेला था अपना पिछला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच (तस्वीर: एक्स/@ICC)

ऋषभ पंत का टी-20 विश्व कप 2024 में चुना जाना लगभग तय- रिपोर्ट 

Apr 09, 2024
03:59 pm

क्या है खबर?

इस साल टी-20 विश्व कप खेला जाना है, जिससे पहले भारतीय टीम प्रबंधन सही संयोजन की तलाश करेगी। इस बीच खबर ये है कि ऋषभ पंत का टी-20 विश्व कप की टीम में चुने जाने की संभावना है। बता दें कि पंत इस समय इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की कप्तानी कर रहे हैं और उनकी फिटनेस भी अच्छी नजर आई है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

भारतीय टीम में वापसी के लिए तैयार हैं पंत- रिपोर्ट 

क्रिकबज के मुताबिक, भारतीय टीम प्रबंधन को ये विश्वास है कि पंत अब एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं और उनके मौजूदा IPL सीजन में प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम में चुने जाने की प्रबल संभावना है। IPL 2024 में उन्होंने 5 मैचों में 30.60 की औसत और 154.55 की स्ट्राइक रेट के साथ 153 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए हैं।

गांगुली

पंत ने हासिल कर ली है फिटनेस- सौरव गांगुली

भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बताया है कि पंत ने फिटनेस हासिल कर ली है। उन्होंने इस बारे में कहा, "वह शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, खासकर जिस तरह से उन्होंने पिछले 2 मैचों में बल्लेबाजी की है। एक हफ्ते बाद उनके भारतीय टीम में चयन की बात कुछ साफ हो पाएगी।" बता दें कि पंत के अलावा ईशान किशन, संजू सैमसन, केएल राहुल और जितेश शर्मा भी विश्व कप के लिए विकेटकीपर के विकल्प होंगे।

दुर्घटना

नवंबर 2022 में पंत ने खेला था अपना पिछला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच

30 दिसंबर, 2022 को पंत सड़क दुर्घटना में बेहद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद से ही वह क्रिकेट से दूर थे और उन्होंने IPL 2024 में वापसी की थी। वह चोट के चलते विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2021-23 के फाइनल, IPL 2023, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी, एशिया कप और भारत की मेजबानी में आयोजित वनडे विश्व कप जैसे बड़े ICC टूर्नामेंट तक नहीं खेले पाए थे। उन्होंने नवंबर 2022 में अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।

आंकड़े

कैसा रहा है पंत का टी-20 अंतरराष्ट्रीय में प्रदर्शन?

पंत ने अब तक 66 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें 22.43 की औसत और 126.37 की स्ट्राइक रेट के साथ 987 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 65* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। पंत ने 2022 में 25 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, जिसमें 21.41 की औसत और 132.84 की स्ट्राइक रेट से 364 रन बनाए थे, जिसमें एक अर्धशतक शामिल था।