रणजी ट्रॉफी 2026-27: आशुतोष शर्मा रेलवे को छोड़कर गुजरात टीम में हुए शामिल, जानिए कारण
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा ने 2026-27 घरेलू सत्र से पहले रेलवे क्रिकेट टीम को छोड़कर गुजरात क्रिकेट टीम का दामन थाम लिया है। क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, इस कदम के बाद उनके केवल सीमित ओवर प्रारूपों में ही खेलने की संभावना है। गुजरात की टीम में उनके साथ दो अन्य पेशेवर खिलाड़ी भी आएंगे, जिनमें राजस्थान के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई शामिल हैं।
कारण
आशुतोष ने क्यों बदली टीम?
मध्य प्रदेश निवासी आशुतोष ने अपने लिस्ट-A और टी-20 करियर की शुरुआत मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम से की थी, लेकिन अवसरों की कमी के कारण उन्हें टीम बदलनी पड़ी थी।
वह पहले भी इस पर खुलकर बात कर चुके हैं। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब मोंटी देसाई ने रमेश पोवार की जगह गुजरात के मुख्य कोच का पदभार संभाला है।
हाल में आशुतोष ने इंग्लैंड में हैंपशायर की ओर से वन-डे कप में भी हिस्सा लिया था।
प्रदर्शन
घरेलू क्रिकेट में कैसा रहा है आशुतोष का प्रदर्शन?
सबसे छोटे प्रारूप में एक फिनिशर के तौर पर पहचान रखने वाले आशुतोष अब तक 28 लिस्ट-A और 62 टी-20 मैचों में खेल चुके हैं।
अब तक इस धुआंधार बल्लेबाज ने 53 टी-20 पारियों में लगभग 30 की औसत और 176.13 की स्ट्राइक रेट से 1,277 रन बनाए हैं।
आशुतोष ने लिस्ट-A क्रिकेट में 122.38 की स्ट्राइक रेट से 514 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक भी शामिल हैं। उनका IPL करियर भी बेहतरीन रहा है।