रचिन रवींद्र का खुलासा, कहा- विराट कोहली और रोहित शर्मा ने संवारी उनकी बल्लेबाजी
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज रचिन रविंद्र ने अपनी बल्लेबाजी शैली को आकार देने का श्रेय भारतीय दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा को दिया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आगामी वनडे सीरीज से पहले रविंद्र ने बताया कि कैसे इन दोनों ने विश्व स्तर पर क्रिकेटरों की पीढ़ियों को प्रेरित किया है। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा आयोजित एक बातचीत में रविंद्र ने कहा, "दुनिया भर में क्रिकेट देखना वाला हर कोई रोहित और कोहली का दीवाना होगा।"
बयान
रविंद्र ने रोहित और कोहली को लेकर क्या कहा?
रविंद्र ने बताया कि वह वर्षों से कोहली और रोहित को अपना आदर्श मानते हैं और उनकी निरंतरता, ट्रॉफी जीत और उनके द्वारा बनाए गए यादगार पलों से प्रेरणा लेते रहे हैं।
उन्होंने कहा, "ये दो ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें मैं वर्षों से अपना आदर्श मानता आया हूं। मैंने बल्लेबाजी में उनका अनुकरण किया है और उनसे बहुत कुछ सीखा है।"
न्यूजीलैंड के क्रिकेटर ने समय के साथ इन दोनों महान खिलाड़ियों से सीखे गए सबक को भी स्वीकार किया।
क्षमता
रविंद्र ने रोहित और कोहली की क्षमता पर दिया अहम बयान
रविंद्र ने इस बात पर जोर दिया कि कोहली की उछाल भरी परिस्थितियों में खेलने की क्षमता और रोहित की स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ कुशलता ने उन्हें किस प्रकार प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा, "उछलती हुई गेंदों पर कोहली के खेलने का तरीका और रोहित के स्पिन खेलने का तरीका देखकर मैं कई तरह से प्रभावित हुआ हूं।"
ऑलराउंडर ने उनकी दृढ़ता और संकल्प जैसे गुणों पर भी जोर दिया, जिनका वह अनुकरण करने का प्रयास करते हैं।
तुलना
रविंद्र ने रोहित और कोहली से तुलना पर क्या कहा?
रवींद्र ने भारत में आयोजित वनडे विश्व कप 2023 के दौरान 64.22 के औसत से 578 रन बनाकर अपना नाम किया था।
उन्होंने कोहली और रोहित के साथ अपनी तुलना को कम आंकते हुए कहा, "उस चर्चा में मेरा नाम आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।"
युवा क्रिकेटर ने इस बात पर भी जोर दिया कि उनका मुख्य ध्यान व्यक्तिगत पुरस्कारों की बजाय अपनी टीम की सफलता में अधिक से अधिक योगदान देने पर रहता है।
सीरीज
भारत में न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत
रविंद्र ने 2024 में भारत में न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक 3-0 से टेस्ट सीरीज जीत के बारे में भी बात की, उनका मानना है कि इससे कीवी टीम को वनडे सीरीज में जाने से पहले आत्मविश्वास मिलेगा।
उन्होंने कहा, "इतनी बेहतरीन टीम को उसके ही माहौल में हराना आपको जबरदस्त आत्मविश्वास देता है।"
उन्होंने याद किया कि भारत के पिछले दौरे कितने कठिन थे, लेकिन रोहित और कोहली की टीम के खिलाफ 3 मैच जीतना उनके लिए गर्व का क्षण था।