Page Loader
पृथ्वी शॉ ने छोड़ा मुंबई क्रिकेट टीम का साथ, MCA ने दी NOC 
पृथ्वी शॉ ने छोड़ा मुंबई क्रिकेट टीम का साथ (तस्वीर: एक्स/@ICC)

पृथ्वी शॉ ने छोड़ा मुंबई क्रिकेट टीम का साथ, MCA ने दी NOC 

Jun 23, 2025
06:16 pm

क्या है खबर?

सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने मुंबई क्रिकेट टीम का साथ छोड़ दिया है। दरअसल, उन्होंने इस मामले में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की मांग की थी और ऐसी खबर है कि उन्हें बोर्ड ने औपचारिक अनुमति दे दी है। इसका सीधा सा मतलब है कि वह घरेलू क्रिकेट में किसी दूसरे राज्य की टीम से खेलते हुए नजर आने वाले हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान 

MCA ने जारी किया बयान 

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, मुंबई की सीनियर टीम से बाहर होने के बाद पृथ्वी को इस महीने की शुरुआत में 2-3 राज्यों से प्रस्ताव मिले थे। MCA ने एक बयान में कहा, "बोर्ड यह सूचित करना चाहता है कि क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने आगामी घरेलू सत्र में पेशेवर खिलाड़ी के रूप में दूसरे राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए औपचारिक रूप से NOC का अनुरोध किया था। उचित विचार-विमर्श के बाद, MCA ने उन्हें NOC दे दी है।"

बयान 

हम पृथ्वी शॉ के फैसले का सम्मान करते हैं- अभय हडप

MCA सचिव अभय हडप ने कहा, "पृथ्वी शॉ एक असाधारण प्रतिभा हैं और उन्होंने मुंबई क्रिकेट में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।" बता दें कि पृथ्वी ने 2017 में मुंबई की ओर से अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अक्टूबर 2024 में मुंबई से अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मैच खेला था।

रणजी 

पृथ्वी को रणजी ट्रॉफी 2024-25 की टीम से किया गया था बाहर 

पृथ्वी को रणजी ट्रॉफी 2024-25 के बीच सीजन के दौरान टीम से बाहर कर दिया गया था। ऐसी खबरें थी कि MCA पृथ्वी की फिटनेस (बढ़े हुए वजन) से नाखुश हैं। पृथ्वी ने आखिरी रणजी सीजन के पहले राउंड के मुकाबले में बड़ौदरा के खिलाफ 7 और 12 रन के स्कोर किए थे। इसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र के विरुद्ध पहली पारी में 1 रन और दूसरी पारी में नाबाद 39 रन बनाए थे।

आंकड़े 

ऐसा रहा है पृथ्वी का क्रिकेटिंग करियर 

2017 में तमिलनाडु के खिलाफ अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 58 मैचों में 46.02 की औसत से 4,556 रन बना चुके हैं। वह 18 अर्धशतक के अलावा 13 शतक भी जड़ चुके हैं। उन्होंने 65 लिस्ट-A मैचों में 55.72 की औसत से 3,399 रन बनाए। वह भारत के लिए 5 टेस्ट में 339 रन और 6 वनडे मैचों में 189 रन बना चुके हैं। एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनका खाता नहीं खुला।