Page Loader
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ियों पर एक नजर   
राहुल द्रविड़ इस सूची में पहले स्थान पर हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ियों पर एक नजर   

Feb 09, 2025
04:24 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच दूसरे टेस्ट में कंगारू टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह क्रिकेट के सबसे बड़े प्रारूप में 200 कैच लपकने वाले ऑस्ट्रेलिया के पहले खिलाड़ी बने हैं। दूसरे स्थान पर रिकी पोंटिग हैं, जिन्होंने 196 कैच लपके थे। दुनिया में अब तक सिर्फ 5 खिलाड़ियों ने ही यह कारनामा किया है। ऐसे में आइए सबसे ज्यादा कैच लपकने वाले शीर्ष खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं।

#1

राहुल द्रविड़ (210 कैच)

पहले स्थान पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज राहुल द्रविड़ हैं। उन्होंने अपना पहला टेस्ट साल 1996 में खेला था। आखिरी बार वह 2012 में टेस्ट खेलते नजर आए थे। उन्होंने 164 टेस्ट की 301 पारियों में 210 कैच लपके थे। एक पारी में उन्होंने सबसे ज्यादा 3 कैच अपने नाम किए थे। उनके अलावा भारत के लिए और किसी भी खिलाड़ी ने 150 कैच भी नहीं लपके हैं। 135 कैच के साथ वीवीएस लक्ष्मण दूसरे स्थान पर हैं।

#2

जो रूट (207 कैच)

सूची में दूसरे स्थान पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज जो रूट हैं। साल 2012 में अपना पहला टेस्ट मैच खेलने वाले रूट ने अब तक 152 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 289 पारियों में उन्होंने 207 कैच अपने नाम किए हैं। उन्होंने एक पारी में सबसे ज्यादा 4 कैच लपके हैं। इंग्लैंड के लिए उनके बाद सबसे ज्यादा कैच (175) एलिस्टेयर कुक के नाम है। आने वाले मुकाबलों में रूट द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

#3

महेला जयवर्धने (205 कैच)

श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज महेला जयवर्धने 205 कैच के साथ सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 1997 में पहला टेस्ट खेला था। आखिरी बार वह 2014 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 149 मैचों की 270 पारियों में ये कैच लपके थे। एक पारी में इस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा 4 कैच लिए थे। जयवर्धने के अलावा श्रीलंका का कोई भी खिलाड़ी 100 कैच भी नहीं ले पाया है। तिलकरत्ने दिलशान के नाम 88 कैच है।

#4

स्टीव स्मीथ और जैक्स कैलिस (200 कैच) 

सूची में चौथे स्थान पर संयुक्त रूप से स्मिथ और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी जैक्स कैलिस हैं। इन दोनों ने 200 कैच लिए हैं। साल 2013 में संन्यास ले चुके कैलिस ने 166 मैचों की 315 पारियों में यह कारनामा किया था। एक पारी में उन्होंने सबसे ज्यादा 4 कैच लिए थे। स्मिथ ने 221 पारियों में 200 कैच पूरे किए हैं। उन्होंने 1 पारी में सबसे ज्यादा 5 कैच लपके हैं।